कासगंज हिंसा: एक मुख्य आरोपी गिरफ्तार, योगी सरकार ने गृह मंत्रालय को सौंपी मामले की रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश के कासगंज में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपियों में से एक सलीम खान को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही प्रदेश सरकार ने पूरे मामले की रिपोर्ट गृह मंत्रालय को सौंप दी है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश के कासगंज में गणतंत्र दिवस के दिन हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपियों में से एक आरोपी सलीम खान को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह आरोपी उसी घर में रहता था, जिस घर से कथित तौर पर चंदन गुप्ता को गोली मारी गई थी। वहीं एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) ने भी सलीम की गिरफ्तार की पुष्टि कर दी है। हिंसा मामले में पुलिस ने तीन सगे भाइयों सलीम, नसीम और वसीम को मुख्य आरोपी बनाया गया है। अन्य दो भाई अभी फरार हैं।

वहीं इस मामले में यूपी सरकार ने गृह मंत्रालय को रिपोर्ट सौंप दी है। रिपोर्ट में कासगंज में हुई हिंसा की विस्तृत जानकारी दी गई है। रिपोर्ट में पुलिस की ओर से अब तक की गिरफ्तारी के साथ उन परिस्थितियों की भी जानकारी दी गई है, जिसकी वजह से चंदन गुप्ता की मौत हुई थी। कासगंज में हिंसा की वजह से हालात बिगड़ने के बाद केंद्र सरकार ने योगी सरकार से रिपोर्ट तलब की थी।

केंद्रीय गृह मंत्रालय को रिपोर्ट सौंपने के साथ ही प्रदेश सरकार ने इस मामले में कार्रवाई और तेज कर दी है। सरकार ने पूरे मामले की जांच स्पेशल टास्क फोर्स को सौंप दी है। वहीं हिंसा के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी वसीम की संपत्ति को कुर्क करने की भी तैयारी शुरू कर दी है।

कासगंज जा रहे प्रदेश कांग्रेस कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को प्रशासन ने रोक दिया। प्रशासन ने कहा कि सुरक्षा कारणों के चलते कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को कासगंज जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल कासगंज हिंसा के बाद मृतक चंदन गुप्ता के परिजनों से मिलने और हालात का जायजा लेने के लिए जा रहा था।

वहीं कासगंज हिंसा में मारे चंदन गुप्ता के समर्थन में 31 जनवरी को आगरा में विश्व हिंदू परिषद ने तिरंगा यात्रा निकाली। तिरंगा यात्रा के दौरान वीएचपी ने कहा कि चंदन गुप्ता की मौत को जल्द से जल्द शहीद घोषित किया जाए।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia