विपक्षी सांसदों का छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ संसद परिसर में प्रदर्शन, अमित शाह से पूछा- ऑर्डर किसने दिया
कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने छात्रों पर कथित बल प्रयोग के विषय का उल्लेख करते हुए एक बैनर भी ले रखा था जिस पर "ऑर्डर किसने दिया" लिखा हुआ था।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर विपक्ष मोदी सरकार पर हमलावर है। विपक्ष इस घटना को लेकर गृहमंत्री अमित शाह को जिम्मेदार ठहरा रहा है और उनसे संसद में जवाब देने की मांग कर रहा है। इसी को लेकर विपक्षी सांसदों ने गुरुवार को संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया तथा सरकार एवं गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने छात्रों पर कथित बल प्रयोग के विषय का उल्लेख करते हुए एक बैनर भी ले रखा था जिस पर "ऑर्डर किसने दिया" लिखा हुआ था।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, के सी वेणुगोपाल, सपा नेता धर्मेंद्र यादव और कई अन्य सांसद इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
अमित शाह को सदन में आना चाहिए- प्रियंका गांधी
प्रदर्शन में भाग लेने जा रहीं प्रियंका गांधी से जब पूछा गया कि क्या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को आज सदन में आना चाहिए, तो उन्होंने कहा, “हां, उन्हें आना चाहिए।”
राहुल गांधी ने अमित शाह का इस्तीफा मांगा
बता दें कि, लोकसभा में बुधवार को भी एंटी पेपर लीक विधेयक पर चर्चा हुई। इस चर्चा में भाग लेते हुए राहुल गांधी ने अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने मांग की कि अमित शाह संसद में आएं और बताएं कि छात्रों पर हमले का ऑर्डर किसने दिया। हालांकि, अमित शाह एंटी पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के दौरान संसद में नजर नहीं आए। इसे लेकर उन्होंने कहा कि अमित शाह डर गए हैं इसलिए संसद में नहीं आ रहे हैं। बाद में राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अमित शाह का इस्तीफा भी मांगा। कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाए कि उन्हें संसद में बोलने नहीं दिया गया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
