मोदी को सांप-मगरमच्छ दिखाने वाली पाकिस्तानी गायिका का पाकिस्तान ने ही काटा चालान, जानिए क्या है पूरा मामला

भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेकर उन्हें सांप और मगरमच्छ दिखाने वाली पाकिस्तानी गायिका राबी पीरजादा एक अलग ही तरह के संकट में पड़ गई हैं। उन्हें पाकिस्तान के वन्यजीव विभाग ने गैरकानूनी तरीके से सांप और मगरमच्छ रखने के मामले में चालान भरने को कहा है।

फोटो: आईएएनएस
i
user

आईएएनएस

google_preferred_badge

भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेकर उन्हें सांप और मगरमच्छ दिखाने वाली पाकिस्तानी गायिका राबी पीरजादा एक अलग ही तरह के संकट में पड़ गई हैं। उन्हें पाकिस्तान के वन्यजीव विभाग ने गैरकानूनी तरीके से सांप और मगरमच्छ रखने के मामले में चालान भरने को कहा है। पीरजादा ने कल्पना में भी नहीं सोचा था कि ऐसा होगा और इसी से वह तिलमिला उठीं। उन्हें लगा था कि वह एक 'बड़ा देशभक्ति का काम' कर रही हैं लेकिन यह काम गैरकानूनी निकला और इस पर वह बरस पड़ीं और कहा कि यह सांप और मगरमच्छ उनके नहीं हैं और यह कि ऐसी ही बातों से पता चलता है कि बहुत सारे भारतीय 'गद्दार पाकिस्तानियों' से कहीं बेहतर हैं। उन्होंने वन्यजीव विभाग को खरीखोटी सुनाई।

कुछ दिन पहले पीरजादा ने एक वीडियो जारी किया था जिसमें उन्होंने 'जुल्म के शिकार कश्मीरियों' के समर्थन में आवाज उठाते हुए मोदी को सांप और मगरमच्छ दिखाकर 'डराया' था। इसी वीडियो पर वन्यजीव विभाग ने कहा कि इन जानवरों को घर में रखने की इजाजत नहीं है और पीरजादा का चालान काट दिया।

अब पीरजादा ने एक और वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा कि सांप और मगरमच्छ उनके नहीं हैं। वह इन्हें संपेरों से लेकर वीडियो और शो में दिखाती हैं। इससे संपेरों को भी पैसा मिल जाता है।


वीडियो में उन्होंने कहा, "पांच साल से इन सांपों के साथ तमाम न्यूज चैनलों में जा रही हूं। तब तो किसी ने कुछ नहीं कहा। कोई एक्शन नहीं लिया गया। लेकिन, जैसे ही मैंने मोदी को धमकी दी और उन्हें डराया तो अफसोस की बात है कि मेरे खिलाफ तुरंत कार्रवाई की गई।"

पीरजादा ने किसी का नाम लिए बगैर कहा, "अगर आप लोग पाकिस्तान से प्यार नहीं कर सकते तो कम से कम गद्दारी तो मत करिए।"


उन्होंने टीवी चैनलों को निशाने पर लेते हुए कहा, "मेरा वही वीडियो क्यों दिखाया जिसमें मैं मोदी की बात कर रही हूं। भारत वाकई आप लोगों से अच्छा है। मैं कभी भारतीयों की बुराई नहीं करती, सिर्फ मोदी की करती हूं। बहुत सारे भारतीय बहुत सारे इन पाकिस्तानियों से बेहतर हैं जो अपने मुल्क से गद्दारी करते हैं और वन्यजीव विभाग भी ऐसा ही गद्दार है।"

उन्होंने कहा कि अभी वन्यजीव विभाग की तरफ से उन्हें लिखित में कुछ नहीं मिला है। जैसे ही मिलेगा, वह विभाग पर मुकदमा ठोंक देंगी।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 16 Sep 2019, 9:44 AM