'श्रेय लेने में PM-CM सब आगे', जयराम की मांग- राम मंदिर चढ़ावा मामले में सभी जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच हो
जयराम ने आरोप लगाया कि आरएसएस से जुड़े पूर्व लेखा प्रभारी महिपाल सिंह ने 2021 में ही चढ़ावे में गड़बड़ी और हेराफेरी की शिकायत ट्रस्ट के पदाधिकारियों चंपत राय और गोपाल राव से की थी, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय उन्हें पद से हटा दिया गया।

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सरकार पर निशाना
मंदिर के सभी वित्तीय रिकॉर्ड सार्वजनिक करने और सभी जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच की मांग
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर इस मामले में चुप्पी साधने का आरोप लगाया
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर फिर से निशाना साधा है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने और मंदिर के सभी वित्तीय रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग दोहराते हुए कहा कि मामले में जवाबदेही और सभी जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच होनी चाहिए।
जयराम ने पोस्ट में क्या लिखा?
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि मंदिर ट्रस्ट से लेकर निर्माण, चंदा संग्रह, चढ़ावे की गिनती और बैंक में जमा कराने तक हर स्तर पर बीजेपी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) से जुड़े लोग मौजूद थे। ऐसे में इन संगठनों से जुड़े जिम्मेदार लोगों को भी जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव को गवाह क्यों बनाया गया?
जयराम ने आरोप लगाया कि आरएसएस से जुड़े पूर्व लेखा प्रभारी महिपाल सिंह ने 2021 में ही चढ़ावे में गड़बड़ी और हेराफेरी की शिकायत ट्रस्ट के पदाधिकारियों चंपत राय और गोपाल राव से की थी, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय उन्हें पद से हटा दिया गया।
उन्होंने सवाल किया कि जब ट्रस्ट के पदाधिकारियों को कथित गड़बड़ियों की जानकारी पहले से थी, तो आरोपपत्र में चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव को आरोपी बनाने के बजाय गवाह क्यों बनाया गया?
उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े इंजीनियर दीनानाथ वर्मा के 40 प्रतिशत कमीशन मांगने के आरोपों का भी उल्लेख किया और सवाल किया कि क्या चंपत राय से इस संबंध में पूछताछ हुई?
कांग्रेस नेता ने एक आरोपी अनुकल्प मिश्रा के बजरंग दल और आरएसएस से कथित जुड़ाव तथा आरोपी टिन्नू यादव के चंपत राय का चालक होने का भी उल्लेख किया।
उन्होंने चढ़ावे की गिनती से संबद्ध कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये की गिनती करने वाले कर्मचारियों की भर्ती बिना विज्ञापन और साक्षात्कार के की गई।
जयराम का पीएम मोदी और सीएम योगी पर आरोप
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर इस मामले में चुप्पी साधने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पांच फरवरी 2020 को प्रधानमंत्री ने लोकसभा में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन की घोषणा की थी, लेकिन इसके चयन की प्रक्रिया और मापदंड सार्वजनिक नहीं किए गए। उन्होंने पूछा कि श्रेय लेने और फोटो खिंचवाने में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री सब आगे रहे, पर चढ़ावा चोरी पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री लगातार चुप क्यों हैं?
जयराम ने पूछा ये सवाल
उन्होंने एसआईटी की पहली रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग करते हुए पूछा कि रिपोर्ट उसी ट्रस्ट को क्यों सौंपी गई, जिसके पदाधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। रमेश ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, सभी वित्तीय रिकॉर्ड सार्वजनिक किए जाएं और दोषी पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
