ट्रंप के सामने घुटने टेकने वाले PM मोदी कांग्रेस के युवा नेताओं को डराने की कर रहे कोशिश, हम डरने वाले नहीं: खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि वे हमारे युवा नेताओं को डराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस न तो डरपोक है और न डरने वाली है। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जो भी त्याग करना पड़ेगा, हम करेंगे।

कांग्रेस ने ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में विरोध प्रदर्शन के मामले में पार्टी की युवा इकाई के अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी को मंगलवार को तानाशाही प्रवृत्ति तथा कायरता का प्रमाण बताते हुए कहा कि वह ऐसे कदमों से डरने वाली नहीं है तथा देश को गिरवी रखने वाले लोगों के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।
कांग्रेस को डराने की कोशिश कर रहे पीएम
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि वे हमारे युवा नेताओं को डराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस न तो डरपोक है और न डरने वाली है। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जो भी त्याग करना पड़ेगा, हम करेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुद "डरपोक" हैं और अपनी नीतियों का बचाव नहीं कर पाने की वजह से वह युवा कांग्रेस के लोगों को डराने की कोशिश कर रहे हैं।
बीजेपी को गिरेबान में झांकने की सलाह
बेंगलुरु में मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जब कॉमनवेल्थ गेम्स हो रहे थे, तो नितिन गडकरी और बीजेपी नेताओं ने क्या किया? ऐसे हर इवेंट में वे देश की भावना को समझने में नाकाम रहे। उन्होंने यह नहीं सोचा कि इससे उस समय भारत और विदेश के एथलीटों को क्या संदेश जाएगा। बीजेपी दूसरों के बारे में तो बहुत कुछ कहती है, लेकिन अपने गिरेबान में नहीं झांकती। अगर वे अपने गिरेबान में झांकेंगे, तो शायद उन्हें अपनी सच्चाई सामने दिखाई दे। मैं यूथ कांग्रेस की गिरफ्तारी की निंदा करता हूं।
कांग्रेस अध्यक्ष का पीएम मोदी पर निशाना
खड़गे ने कहा कि युवा आज नौकरी के लिए तड़प रहे हैं और देश का माहौल इतना खराब हो चुका है कि उसके कारण केंद्र सरकार के प्रति लोगों में भारी रोष है। मैं चाहता था कि पीएम मोदी देश के लिए कुछ अच्छा कार्य करें, लेकिन केंद्र सरकार नहीं कर रही है। हमारी सरकार वो कर रही है जो अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप कहते हैं। ऐसा लगता है कि ट्रंप के सामने सरकार ने घुटने टेक दिए।
उन्होंने भारत-अमेरिका ट्रेड डील से किसानों का नुकसान होगा। हमें बंधुआ मजदूर बनाने की दिशा में धकेला जा रहा है।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सरकार की ओर से कांग्रेस को डराने के लिए जोर लगाया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस डरने वाली नहीं है और न ही डरपोक है। हमारे देश में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जो भी त्याग करना पड़ेगा, हम करेंगे। हम लड़ते रहेंगे और सरकार के खिलाफ संघर्ष जारी रखेंगे।
'कांग्रेस डरने वाली नहीं'
उन्होंने एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रोटेस्ट के बाद पुलिस की कार्रवाई पर कहा कि प्रोटेस्ट करने के बाद अगर डिटेन किया जाता है तो पुलिस कुछ देर बाद छोड़ देती है, लेकिन इस केस में ऐसा नहीं हुआ। कांग्रेस को निशाना बनाकर डर पैदा करने के लिए काम कर रहे हैं और कांग्रेस डरने वाली नहीं है।
कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार विरोध और सवाल पूछे जाने से डरती है।
युवा कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका व्यापार अंतरिम समझौते का विरोध करते हुए पिछले दिनों ‘एआई इंपैक्ट समिट’ के आयोजन स्थल पर शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया था। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को चिब को गिरफ्तार कर लिया।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia