बीएचयू : छेड़छाड़ का विरोध करती छात्राओं पर लाठीचार्ज, फायरिंग

छेड़छाड़ का विरोध कर रही बीएचयू की छात्राओं पर शनिवार देर रात पुलिस ने लाठीचार्ज किया और हवाई फायरिंग की। इसमें कई छात्र-छात्राएं जख्मी हुए हैं। यूनिवर्सिटी 2 अक्टूबर तक बंद कर दी गयी है।

बीएचयू में पुलिस के लाठीचार्ज और फायरिंग के बाद बिगड़े हालात
बीएचयू में पुलिस के लाठीचार्ज और फायरिंग के बाद बिगड़े हालात
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश सरकार ने #बेटीपिटवाओ का फार्मूला अपनाते हुए शनिवार देर रात छेड़छाड़ का विरोध कर रही छात्राओं पर जबरदस्त लाठीचार्ज किया और हवाई फायरिंग की। इसमें तमाम छात्र-छात्राएं घायल हुए हैं। हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। विश्वविद्यालय परिसर में वाराणसी के दस थानो की पुलिस तैनात कर दी गयी है और विश्विविद्यालय को 2 अक्टूबर तक बंद कर दिया गया है। इस भगदड़ और लाठीचार्ज के दौरान कुछ तत्वों ने कुछ वाहनों में आग भी लगा दी। इस बीच पुलिस छात्राओं के हॉस्टल में भी घुसी और उन पर लाठीचार्ज किया।

इससे पहले पुलिस ने छात्र-छात्राओं को दौड़ा-दौड़कर पीटा

छेड़खानी को लेकर दो दिनों से धरना दे रहे छात्र शनिवार रात कुलपति से मिलने कैंपस में उनके आवास पहुंचे थे लेकिन वहां मौजूद सुरक्षा गार्डों ने स्टूडेंट्स पर लाठियां चला दीं। घायल छात्रों को बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।

देखते ही देखते शहर के 10 थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और छात्रों पर लाठीचार्ज शुरू कर दिया। इस वबाल में कुछ वाहनों को आग भी लगा दी गयी। आला अधिकारी मौके पर हैं। अफसरों का कहना है कि मामले की जांच की जाएगी और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी।

बीएचयू : छेड़छाड़ का विरोध करती छात्राओं पर लाठीचार्ज, फायरिंग

बता दें कि बीएचयू की महिला छात्र शुक्रवार सुबह से ही बीएचयू के मुख्य द्वार पर विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। उनका आरोप है कि छेड़खानी की शिकायत पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। दरअसल, गुरुवार की रात बीएचयू कैंपस में भारत कला भवन के पास ऑर्ट्स फैकेल्टी की एक छात्रा के साथ तीन लड़कों ने छेड़खानी की थी। शोर मचाने पर भी 20 मीटर दूर खड़े सुरक्षा गार्ड्स ने कोई मदद नहीं की थी। पीड़ित ने हॉस्टल में आकर वार्डेन से शिकायत की। इसके साथ ही उसने चीफ प्रॉक्टर को भी सूचना दी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी।

लड़कियों का आरोप है कि शिकायत करने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा, "पीएम का दौरा है। अभी आप लोग शांत रहिए।" उधर विरोध कर रही छात्रा आकांक्षा सिंह ने विरोध के दौरान सिर के बाल मुंडवा लिए। उसका कहना है कि छेड़खानी होती रहे और हर वक्त हम खामोश रहें, ऐसा नहीं हो सकता है। बता दें कि मोदी को बीएचयू मेन गेट के रास्ते ही दुर्गाकुंड जाना था।

बीएचयू : छेड़छाड़ का विरोध करती छात्राओं पर लाठीचार्ज, फायरिंग

विरोध कर रही छात्राओं में शामिल रश्मि का कहना है कि, "हॉस्टल की खिड़कियों पर लड़के पत्थर में लेटर लिखकर फेंकते है। खिड़कियों पर खड़ा होने पर लड़कियों को अश्लील इशारे करते हैं। विरोध करने पर कहते है, कैंपस में दौड़ाकर कपड़े फाड़ देंगे। वहीं एक अन्य छात्रा का कहना है कि, "कैंपस में ही लड़के फिजिकली एब्यूज कर रहे हैं। कपडे फाड़ने की धमकी तक दी जाती है। इस घटना के बाद हम सभी को खामोश रहने की चेतावनी दी गई है। सर्कुलर जारी किया गया है कि शाम 6 बजे के बाद सुबह अंधेरा रहने तक लड़कियां ना निकलें। ये कैसी आजादी है?"

बीएचयू : छेड़छाड़ का विरोध करती छात्राओं पर लाठीचार्ज, फायरिंग

इस वबाव के बाद चीफ प्रॉक्टर ओएन सिंह ने कहा, "लड़कियों को बात करके समझाने की कोशिश हो रही है। सभी दोषी लड़कों पर कार्रवाई की जाएगी। इस बीच सोशल मीडिया पर इस लाठीचार्ज और फायरिंग का कड़ा विरोध होना शुरु हो गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 24 Sep 2017, 9:28 AM