गाजियाबाद के रामलीला मैदान में जुटे हज़ारों मजदूर, प्रियंका गांधी बोलीं- UP सरकार से नहीं हो पा रही व्यव्स्था

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि यूपी सरकार से कोई व्यवस्था ढंग से नहीं हो पाती है। यदि एक महीने पहले इसी व्यवस्था को सुचारू रूप से किया जाता तो श्रमिकों को आज इतनी परेशानी नहीं झेलनी पड़ती।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में लॉकडाउन के बीच रामलीला मैदान मजदूरों से भरा हुआ है। अपने-अपने घरों को जाने के लिए बड़ी संख्या में मजदूर मैदान में जुटे हैं। मजदूरों की भीड़ को लेकर कांग्रेस ने योगी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। प्रियंका गांधी ने कहा है कांग्रेस एक हजार बसों का सहयोग देने के लिए तैयार है लेकिन योगी सरकार उन्हें अनुमति नहीं दे रही है। प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि यूपी सरकार से कोई भी व्यवस्था ढंग से नहीं हो पाती है।

यूपी सरकार से कोई व्यवस्था ढंग से नहीं हो पाती: प्रियंका गांधी

आपको बता दें, प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया कि 'प्रवासी मजदूरों की भारी संख्या घर जाने के लिए गाजियाबाद के रामलीला मैदान में जुटी है। यूपी सरकार से कोई व्यवस्था ढंग से नहीं हो पाती। यदि एक महीने पहले इसी व्यवस्था को सुचारू रूप से किया जाता तो श्रमिकों को इतनी परेशानी नहीं झेलनी पड़ती।'

कांग्रेस महासचिव ने यह भी आरोप लगाया कि यूपी सरकार उन्हें प्रवासी श्रमिकों के लिए बसें चलाने की अनुमति नहीं दे रही जबकि उनकी बसें बॉर्डर पर तैयार खड़ी हैं। उन्होंने कहा, 'कल हमने 1000 बसों का सहयोग देने की बात की, बसों को यूपी बॉर्डर पर लाकर खड़ा किया तो यूपी सरकार को राजनीति सूझती रही और हमें परमिशन तक नहीं दी। विपदा के मारे लोगों को कोई सहूलियत देने के लिए सरकार न तो तैयार है और कोई मदद दे तो उससे इंकार है।'


प्रियंका गांधी ने बस चलाने की मांगी थी अनुमति

गौरतलब है कि लॉकडाउन के बीच कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी ने मजदूरों के संबंध में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखा था। उनका कहना था कि लाखों मजदूर अपने घरों को लौट रहे हैं। लेकिन उनके घर लौटने के लिए कोई इंतज़ाम नहीं किया गया है। दर्जनों मजदूर रोड एक्सीडेंट में मर चुके हैं तो बहुत से कोरोना वायरस की चपेट में आकर मर गए हैं।

यह लोग मजबूरी में ही पैदल घरों को लौट रहे हैं जो दुखदायी है। इसलिए हम सीएम यूपी से मांग करते हैं कि हमे गाज़ियाबाद और नोएडा बॉर्डर से 500-500 बसें चलाने की अनुमति दी जाए। इसका पूरा खर्च कांग्रेस पार्टी अपने खाते से उठाएगी। हम अपने राष्टनिर्माता मजदूर को इस हाल में नहीं छोड़ सकते।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia