ट्रंप के सामने भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा उठाएं पीएम मोदी; G7 सम्मेलन से पहले प्रियंका गांधी की प्रधानमंत्री से अपील
प्रियंका गांधी ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ तीन भारतीय नाविकों की मौत का विषय उठाना चाहिए।

कांग्रेस भारतीय नाविकों की मौत को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बाद पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने भी इस मुद्दे पर पीएम मोदी को घेरा है। प्रियंका गांधी ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ तीन भारतीय नाविकों की मौत का विषय उठाना चाहिए।
जी-7 सम्मेलन में ट्रंप से मिल सकते हैं मोदी
प्रधानमंत्री फ्रांस और स्लोवाकिया की एक हफ्ते की यात्रा पर हैं। वह फ्रांस में जी-7 सम्मेलन के संपर्क सत्र में हिस्सा लेंगे। उनका जी-7 सम्मेलन के दौरान कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने का कार्यक्रम है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ भी मुलाकात हो सकती है।
प्रियंका का पीएम मोदी को सलाह
इस बारे में पूछे जाने पर प्रियंका गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उन्हें निश्चित रूप से यह मुद्दा (अमेरिकी हमले में मारे गए तीन भारतीय नाविकों का मामला) उठाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ यह हैरानी की बात है कि जो हो रहा है, उस पर हमने (सरकार) खुलकर कोई बात नहीं की है।’’
राहुल गांधी का पीएम मोदी पर वार
इससे पहले राहुल गांधी ने भी रविवार को तीन भारतीय नाविकों की मौत के बाद अमेरिका की ओर से दिए गए बयानों को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि ‘‘कंप्रोमाइज्ड पीएम’’ (समझौता कर चुके प्रधानमंत्री) एक ‘‘आज्ञाकारी नौकर’’ की तरह सुनते हैं और ‘‘आदेशों’’ का पालन करते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘‘कोई कंप्रोमाइज्ड पीएम’’ देश के सम्मान की रक्षा नहीं करेगा क्योंकि जो देश का अपमान करते हैं, वह उन्हीं के वश में हैं।
अमेरिका ने बीते 10 जून को पलाऊ के ही ध्वज वाले जहाज ‘सेटेबेलो’ पर हमला किया था, जिसपर सवार 24 भारतीय नाविकों में से तीन की मौत हो गई थी।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
