राहुल गांधी सूरत के लिए रवाना, प्रियंका भी हैं साथ, गुजरात में हिरासत में लिए गए कांग्रेस के कई कार्यकर्ता

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन में भरूच से सूरत जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका और हिरासत में लिया। सूरत की सेशन कोर्ट के बाहर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा हुआ है।

फाइल फोटो
फाइल फोटो
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस नेता राहुल गांधी मानहानि मामले में सजा के खिलाफ सूरत कोर्ट में याचिका दाखिल करने दिल्ली से सूरत के लिए रवाना हुए, उनके साथ प्रियंका गांधी और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी सुरत जा रहे हैं। सजा सुनाए जाने के 11 दिन बाद राहुल सेशंस कोर्ट में याचिका दाखिल करने जा रहे हैं। राहुल कोर्ट में रेग्यूलर बेल के लिए भी अर्जी दाखिल करेंगे। वहीं गुजरात कांग्रेस के कई कार्यकर्ता भी उनके समर्थन में सूरत पहुंच रहे हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन में भरूच से सूरत जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका और हिरासत में लिया। सूरत की सेशन कोर्ट के बाहर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा हुआ है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के समर्थन में हाथों में पोस्टर लिए हुए हैं। कांग्रेस ने पुलिस की कार्रवाई पर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट कर लिखा, गुजरात की बीजेपी सरकार द्वारा कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को सूरत जाने से रोकने के लिए अवैध गिरफ़्तारी करने के समाचार लगातार मिल रहे हैं। बीजेपी का अलोकतांत्रिक चेहरा बार-बार बेनक़ाब हो रहा है। कांग्रेस इन सब हरकतों की निंदा करते हुए उनकी तुरंत रिहाई की मांग करती है।


राहुल के रवानगी से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम कोर्ट के निर्णय पर बहस नहीं करेंगे लेकिन अन्याय के खिलाफ़ लड़ेंगे। सरकार अडानी के मामले में JPC का गठन नहीं चाहती। सदन न चलने देने की योजना वह पहले से ही करके आते हैं। यह (गुजरात में) शक्ति प्रदर्शन नहीं है। वह (राहुल गांधी) हमारे नेता है और अपने नेता के साथ खड़े होने के लिए वह (छत्तीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री) जा रहे हैं।

वहीं छत्तीसगढ़ के सीएम और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा कि मैं अपने नेता (राहुल गांधी) के साथ जा रहा हूं, यह न्यायपालिका पर दबाव कैसे हो सकता है? वे (बीजेपी) पश्चिम बंगाल और बिहार में हंगामा कर रहे हैं। अभी तक पीएम मोदी और अमित शाह की ओर से कोई अपील नहीं आई है।


कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का कहना है कि राहुल गांधी को बिना मतलब के सताया जा रहा है। उनका दोष सिर्फ इतना है कि देश में जो बर्बादी का काम बीजेपी सरकार कर रही है उसे वो जनता के सामने ला रहे हैं।

राहुल के सूरत रवाना होने से पहले कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा है कि आज राहुल गांधी की आवाज जन-जन तक पहुंचना। देश भर से आज महिला यहां आई हैं। राहुल की छवि खराब करने के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए गए हैं। राहुल गांधी वो मशाल है, जो देश के हर घर में जलेगी। वह सिर्फ चार सवाल ही तो कर रहे हैं। अडानी पर क्यों चुप हैं, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए इन मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाना है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */