राहुल बोले, किसानों की कर्जमाफी पर कांग्रेस ने बीजेपी शासित राज्यों को जगाया, पीएम तो अभी भी सो रहे

राहुल गांधी ने कहा कि किसानों की कर्जमाफी को लेकर कांग्रेस पार्टी ने गुजरात और असम के मुख्यमंत्रियों को गहरी नींद से जगाने का काम किया है। लेकिन पीएम मोदी अभी भी सो रहे हैं। हम उन्हें भी जगाएंगे।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

बीजेपी शासित राज्यों द्वारा किसानों की कर्जमाफी के ऐलान पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “कांग्रेस पार्टी ने गुजरात और असम के मुख्यमंत्रियों को गहरी नींद से जगाने का काम किया है। लेकिन पीएम मोदी अभी भी सो रहे हैं। हम उन्हें भी जगाएंगे।”

इससे पहले राहुल गांधी ने मंगलवार को किसानों के मुददे पर मोदी सरकार की कड़ी आलोचना की थी। उन्होंने कहा था, “किसानों की कर्ज माफी के लिए हम केंद्र सरकार पर दबाव बनाएंगे। हम पीएम मोदी को तब तक चैन से नहीं सोने देंगे, जब तक वह किसानों का कर्जमाफ नहीं कर देते। सभी विपक्षी दल एकजुट होकर यह मांग करेंगे। अब तक प्रधानमंत्री ने किसानों का एक रुपया भी माफ नहीं किया है।”

राहुल ने कहा था, “हमने किसानों से वादा किया था छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार आने पर 10 दिन के अंदर किसानों का कर्जा माफ करेंगे। हमने अपने वादों को पूरा करके दिखा दिया। दो राज्यों में 6 घंटे के अंदर किसानों की कर्जमाफी की और तीसरे राज्यों में भी जल्द किसानों का कर्ज माफ होगा।” उन्होंने आगे कहा कि हमारी चुनावी जीत किसानों, मजदूरों, युवाओं, गरीबों की जीत है।

यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस शासित राज्यों में किसानों का कर्ज माफ किया गया है। इससे पहले कर्नाटक में राहुल गांधी ने किसानों की कर्जमाफी का वादा किया था। सरकार बनते ही कर्नाटक की कांग्रेस-जेडीएस गंठबंधन सरकार ने किसानों का कर्ज माफ कर दिया था। कर्नाटक के बाद पंजाब में भी कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia