महिला आरक्षण को लेकर राहुल गांधी का रीजीजू को करारा जवाब, बोले- 2023 का कानून लागू कीजिए, बिना किसी शर्त के
राहुल गांधी ने पलटवार करते हुए कहा कि महिला आरक्षण विधेयक तो 2023 में सर्वसम्मति से पारित हो चुका है और अब इसे परिसीमन से बेवजह जोड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने महिला आरक्षण संबंधित विधेयक को लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू पर पलटवार किया है। दरअसल, रीजीजू ने सोशल मीडिया पर शनिवार को कांग्रेस नेता के एक वीडियो का हवाला देते उम्मीद जताई कि मुख्य विपक्षी दल विधेयक का समर्थन करेगा।
राहुल का रीजीजू को करारा जवाब
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने पलटवार करते हुए कहा कि महिला आरक्षण विधेयक तो 2023 में सर्वसम्मति से पारित हो चुका है और अब इसे परिसीमन से बेवजह जोड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर रीजीजू को संबोधित पोस्ट में कहा, ‘‘रीजीजू जी, संसदीय कार्य मंत्री होने के नाते आपसे बेहतर यह कौन जानता होगा - महिला आरक्षण विधेयक 2023 में ही सर्वसम्मति से पारित हो चुका है, कांग्रेस के पूर्ण समर्थन के साथ।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सवाल यह है कि तीन साल बाद भी वह लागू क्यों नहीं हुआ और अब आप उसे परिसीमन से बेवजह क्यों जोड़ना चाहते हैं?’’
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘2023 का कानून लागू कीजिए। बिना किसी शर्त के।’’
राहुल गांधी ने शुक्रवार को क्या कहा?
राहुल गांधी ने शुक्रवार को जारी वीडियो में कहा था कि भारत की महिलाओं को खुद को अभिव्यक्त करने तथा विस्तारित सोच की आजादी नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने कहा था, ‘‘भारत की महिलाओं को खुद को अभिव्यक्त नहीं करने दिया जा रहा है। उन्हें कल्पना करने की अनुमति नहीं है। मेरे लिए कोई भी देश तब तक सफल नहीं हो सकता, जब तक उसकी महिलाएं खुद को अभिव्यक्त नहीं कर रही हों।’’
राहुल गांधी ने कहा था, ‘‘ मुझे लगता है कि मेरी राजनीति का बहुत बड़ा हिस्सा और इस देश की राजनीति का बहुत बड़ा हिस्सा लोगों को यह समझाने से जुड़ा होना चाहिए कि महिलाओं की अभिव्यक्ति के बिना हमारा देश अवरुद्ध और अधूरा है।’’
रीजीजू और राहुल गांधी के बीच यह नोंकझोक ऐसे समय हुई है, जब सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयक पर सहमति बनाने का प्रयास कर रही है।
रीजीजू ने इस मामले और संसद में जाती गतिरोध को खत्म करने के लिए हाल के दिनों में राहुल गांधी से कई बार संपर्क किया है।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
