आतंकी हाफिज सईद की रिहाई पर राहुल ने कसा मोदी पर तंज: ‘बात नहीं बनी, तुरंत फिर से गले मिलने की जरूरत’

राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपने ट्वीट के जरिए कटाक्ष किया है।कांग्रेस उपाध्यक्ष ने आंतकी हाफिज सईद की पाकिस्तान में रिहाई पर कहा है कि एक बार फिर गले मिलने की जरूरत है।

फोटो :  सौजन्य @INCIndia
i

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में आतंकी सईद की रिहाई और लश्कर को पाकिस्तानी सेना की फंडिंग पर अमेरिका से पाकिस्तान को क्लीन चिट मिलने पर व्यंग्य किया है। इन दोनों मुद्दों पर उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की नवाज शरीफ से मुलाकात और ट्रंप से गले मिलने पर तंज कसा है।

कांग्रेस उपाध्यक्ष लिखा, 'नरेंद्रभाई बात नहीं बनी, आतंक का मास्टरमाइंड आजाद, राष्ट्रपति ट्रंप ने लश्कर फंडिंग मामले में पाक सेना को क्लीन चिट दे दी, गले लगाने की नीति काम नहीं आई, जल्द ही और गले लगाने की जरूरत है।' इस ट्वीट में राहुल ने मोदी सरकार को एक साथ कई मोर्चों पर घेरा है।

पाकिस्तान की अदालत के आदेश पर शुक्रवार को ही मुंबई हमले के मास्टरमाइंड और अंतरराष्ट्रीय आतंकी हाफिज सईद को जेल से रिहा कर दिया गया था। भारत और कई अन्य देशों ने इसका विरोध किया है। अमेरिका ने भी पाकिस्तान को चेतावनी दी है और कहा है कि हाफिज सईद को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

शुक्रवार को जेल से रिहा होते ही सईद ने कहा था कि भारत के उकसावे पर ही अमेरिका के दबाव में उसे हिरासत में लिया गया था। इसके अलावा हाल ही में अमेरिका ने पाकिस्तान को 70 करोड़ डॉलर की आर्थिक मदद देने का फैसला लिया है। इसके अलावा आतंकी संगठन लश्कर से पाक सेना को फंडिंग मामले में भी क्लीन चिट दी है।

इन्हीं मुद्दों पर राहुल गांधी ने पीएम मोदी और अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की दोस्ती पर तंज कसा है। पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप का गर्मजोशी से गले मिलना काफी चर्त रहा है। इन मिलन को राहुल ने 'हगफ्लोमेसी' बताया है। साथ ही राहुल ने यह भी लिखा कि इतना गले मिलने से भी बात नहीं बन पाई है और ज्यादा गले मिलने की जरूरत है।

राहुल गांधी के इस ट्वीट के तेजी से रिट्वीट हो रहे हैं और लोग अपने अपने कमेंट भी लिख रहे हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 25 Nov 2017, 11:13 AM