मुंबई में लगातार दूसरे दिन बारिश, पानी में डूबा अंधेरी सबवे, कई जगह जलभराव!

शहर के कई हिस्सों में लगातार दूसरे दिन बारिश हुई, जिससे गर्मी और उमस से लोगों को काफी राहत मिली। घने बादलों और ठंडी हवाओं ने पूरे महानगर की सुबह को सुहावना और खुशनुमा बना दिया।

मुंबई में लगातार दूसरे दिन बारिश (फाइल फोटो)
i

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मॉनसून ने दस्तक दे दी है। मुंबई के कई इलाकों में सोमवार सुबह गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की की स्थिति बन गई है। खबरों के मुताबिक अंधेरी सबवे में पानी भर गया है। वहीं, कई सड़कों पर भी पानी ही पानी दिखाई दे रहा है।

शहर के कई हिस्सों में लगातार दूसरे दिन बारिश हुई, जिससे गर्मी और उमस से लोगों को काफी राहत मिली। घने बादलों और ठंडी हवाओं ने पूरे महानगर की सुबह को सुहावना और खुशनुमा बना दिया। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 22 जून को शहर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आज भी आंधी-बारिश की चेतावनी दी है।


दक्षिण-पश्चिम मानसून आमतौर पर 10 जून के आसपास मुंबई पहुंच जाता है लेकिन इस वर्ष इसके आगमन में देरी हुई है। इस महीने की शुरुआत में मानसून दक्षिण कोंकण तक पहुंच गया था, लेकिन प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के कारण मानसून आगे नहीं बढ़ा।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सुबह छह बजे से सात बजे के बीच औसतन 17 मिमी बारिश हुई। पश्चिमी उपनगरों में 10 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि पूर्वी उपनगरों में इस अवधि के दौरान ऐसी कोई बारिश नहीं हुइ जिसे मापा जाए।

मुंबई के वरली नाका स्थित सावित्रीबाई फुले बीएमसी स्कूल में एक घंटे में सबसे अधिक 61 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद जी-दक्षिण वार्ड (प्रभादेवी) में 58 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वरली स्थित आदर्श नगर स्कूल और मालाबार हिल में 44-44 मिमी बारिश हुई, जबकि वरली फायर स्टेशन में 42 मिमी और एफ-दक्षिण वार्ड (परेल) में 41 मिमी बारिश हुई।

पीटीआई के इनपुट के साथ