मोदी सरकार के मंत्री पर लगा महिला से बलात्कार का आरोप, कांग्रेस ने की पद से हटाने की मांग

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में रेल राज्य मंत्री राजेन गोहेन पर एक महिला का रेप करने और उसे धमकाने का मामला दर्ज हुआ है। कांग्रेस ने गोहेन को तत्काल मंत्री पद से हटाने की मांग की है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

बीजेपी की मोदी सरकार में में रेल राज्यमंत्री राजेन गोहेन पर असम की एक महिला ने रेप का आरोप लगाया है। 24 वर्षीय महिला के साथ रेप करने और उसे धमकाने के आरोप में रेल राज्यमंत्री राजेन गोहेन के खिलाफ असम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना असम के नगांव जिले की है, जहां से राजेन गोहेन सांसद हैं। गोहेने ने कथित अपराध को उस समय अंजाम दिया, जब महिला के घर में कोई मौजूद नहीं था। पुलिस के मुताबिक घटना 7 से 10 माह पुरानी है और पीड़ित महिला और मंत्री राजेन गोहेन एक दूसरे को पहले से जानते थे और गोहेन का महिला के घर पर आना जाना भी था।

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने पीएम मोदी से मंत्री गोहेन को अपने मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मोदी सरकार के एक और मंत्री के ऊपर बलात्कार जैसा संगीन आरोप लगा है। इससे पहले इस सरकार में मंत्री रहे निहाल चंद पर भी इसी तरह के आरोप लगे थे और लंबे समय तक उनको मंत्री बनाये रखा गया। पवन खेड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री जी चुप क्यों हैं। उन्होंने कहा कि 'बहुत हुआ नारी पर वार, अबकी बार मोदी सरकार' का नारा देकर सत्ता में आए लोगों को आरोपी मंत्री के खिलाफ फौरन कार्रवाई करनी चाहिए।

असम पुलिस के अनुसार केंद्रीय मंत्री गोहेन के खिलाफ 2 अगस्त को ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई खास कार्रवाई नहीं हुई है। नगांव की पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सबिता दास के मुताबिक मंत्री महोदय पर नगांव थाने में धोखाधड़ी, बलात्कार, और आपराधिक धमकी के आरोपों में आईपीसी की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़ित महिला का बयान दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच जारी है और कोई सबूत मिलने पर ही मंत्री की गिरफ्तारी हो सकेगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia