'BPSC TRE-4 का विज्ञापन 24 घंटे में जारी करें नहीं तो...', बिहार सरकार को छात्रों की चेतावनी
BPSC TRE-4 नोटिफिकेशन को लेकर छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। छात्रों ने 24 घंटे में नोटिफिकेशन न आने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी है।

बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की शिक्षक भर्ती परीक्षा-4 (टीआरई-4) का विज्ञापन 24 घंटे के भीतर जारी करने की मांग करते हुए यहां गर्दनीबाग में विद्यार्थियों ने धरना दिया और मांग पूरी नहीं होने पर शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव करने की चेतावनी दी।
छात्रों की मांग
प्रदर्शनकारी छात्रों ने ‘टीआरई-4’ में एकल स्तरीय परीक्षा कराने, कथित भ्रष्टाचार के जरिए पद हासिल करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, बीएसएससी की भर्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा आवास नीति के साथ एसटीईटी परीक्षा आयोजित करने की मांग की। उन्होंने परीक्षा माफिया के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।
शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव करेंगे छात्र!
छात्र नेता दिलीप कुमार ने संवाददाताओं से कहा, “सरकार को बीपीएससी टीआरई-4 परीक्षा का विज्ञापन 24 घंटे के भीतर जारी करना चाहिए, अन्यथा हम शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर उनके आवास का घेराव कर सकते हैं।”
धरने में शामिल टीआरई-4के सैकड़ों अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के खिलाफ नारे लगाए और उन्हें “अक्षम” बताया। कुमार ने कहा, “अगर हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आज से तीन दिन बाद मैं इसी स्थान पर आमरण अनशन शुरू करूंगा।”
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
