मार्च की शुरुआत महंगाई के साथ! गैस सिलेंडर-हवाई ईंधन के दाम बढ़े, UTS ऐप पर ताला, जानें और कौन-कौन से बदलाव हुए
1 मार्च 2026 से देशभर में कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) महंगा होने से हवाई यात्रा का खर्च बढ़ सकता है।

मार्च महीने की शुरुआत कई अहम बदलावों के साथ हुई है। 1 मार्च से लागू नियम और कीमतों में संशोधन सीधे तौर पर घर के बजट, हवाई यात्रा, रेलवे टिकटिंग और मोबाइल इस्तेमाल तक को प्रभावित कर रहे हैं। यहां आसान भाषा में समझिए क्या-क्या बदला है और किस पर कितना असर पड़ेगा।
LPG सिलेंडर महंगा
हर महीने की पहली तारीख को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां एलपीजी कीमतों की समीक्षा करती हैं। 1 मार्च 2026 को 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए।
महानगरों में नई कीमतें
दिल्ली: ₹1740.50 से बढ़कर ₹1768.50 (₹28 की बढ़ोतरी)
कोलकाता: ₹1844.50 से बढ़कर ₹1875.50 (₹31 की बढ़ोतरी)
मुंबई: ₹1692 से बढ़कर ₹1720.50
चेन्नई: ₹1899.50 से बढ़कर ₹1929
इससे पहले 1 फरवरी को 19 किलो सिलेंडर ₹50 महंगा हुआ था।
वहीं, 14 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 8 अप्रैल 2025 के बाद से कोई बदलाव नहीं किया गया है।
ATF महंगा, हवाई सफर हो सकता है महंगा
मार्च की शुरुआत में एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। ATF की दरें बढ़ने से एयरलाइंस की लागत बढ़ती है, जिसका असर टिकट कीमतों पर पड़ सकता है।
1 मार्च 2026 से नई ATF कीमतें (प्रति किलोलीटर)
दिल्ली: ₹91,393.39 से बढ़कर ₹96,638.14
कोलकाता: ₹94,445.62 से बढ़कर ₹99,587.14
मुंबई: ₹85,474.63 से बढ़कर ₹90,451.87
चेन्नई: ₹94,781.99 से बढ़कर ₹1,00,280.49
रेलवे में बदलाव: UTS ऐप बंद हो सकता है
1 मार्च 2026 से रेलवे से जुड़ा एक बड़ा बदलाव लागू हो सकता है। भारतीय रेलवे अपना पुराना UTS ऐप बंद कर सकती है।
इसके बंद होने के बाद अनारक्षित टिकट बुकिंग समेत अन्य सेवाएं नए ऐप RailOne के जरिए शुरू हो सकती हैं। यात्रियों को नए प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट होना पड़ सकता है।
सिम-बाइंडिंग नियम लागू
1 मार्च से मोबाइल यूजर्स के लिए सिम-बाइंडिंग नियम लागू हो सकते हैं। दूरसंचार विभाग (DoT) ने OTT मैसेजिंग ऐप्स को निर्देश दिए हैं कि यूजर का अकाउंट एक्टिव SIM से जुड़ा होना चाहिए।
इसका मतलब यह है कि अगर फोन में वही SIM मौजूद नहीं है, जिससे व्हाट्सएप या टेलीग्राम रजिस्टर है, तो ऐप का इस्तेमाल सीमित या बंद भी हो सकता है।
SIM लिंकिंग की डेडलाइन 1 मार्च तय की गई थी और इसे बढ़ाने को लेकर फिलहाल कोई अपडेट नहीं है।
मार्च में 18 दिन बैंक बंद
अगर आप मार्च में बैंक जाने की योजना बना रहे हैं, तो पहले छुट्टियों की सूची देख लें। इस महीने त्योहारों और साप्ताहिक अवकाशों को मिलाकर कुल 18 दिन बैंक बंद रहेंगे।
इनमें होली, गुढ़ी पड़वा, ईद, राम नवमी और महावीर जयंती जैसे त्योहार शामिल हैं। साथ ही दूसरे और चौथे शनिवार तथा रविवार की छुट्टियां भी जुड़ी हुई हैं।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia