यशवंत सिन्हा की खुली बगावत, बीजेपी छोड़ा, बोले, मोदी राज में लोकतंत्र खतरे में

यशवंत सिन्हा ने कहा कि आज देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती लोकतंत्र को बचाने की है। उन्होंने कहा कि वह अपनी बाकी बची हुई जिंदगी इसी मिशन को समर्पित करने जा रहे हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

बीजेपी से पिछले लंबे समय से नाराज चल रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने बीजेपी छोड़ने का ऐलान किया है। पटना में राष्ट्र मंच के कार्यक्रम में अपने फैसले का ऐलान करते हुए यशवंत सिन्हा ने कहा, “मैं आज से दलगत राजनीति से संन्यास लेता हूं। बीजेपी के साथ सभी संबधों को समाप्त करता हूं, भविष्य में मैं किसी पद का दावेदार नहीं हूं।” सिन्हा ने अपने फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि आज देश में लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने कहा, “मैं राजनीति से संन्यास ले रहा हूं, लेकिन आज भी दिल देश के लिए धड़कता है।

पटना में आयोजित राष्ट्र मंच के कार्यक्रम में कई दलों के नेता शिरकत कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में बीजेपी के पटना साहिब से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, आरएलडी नेता जयंत सिंह, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह और आशुतोष भी मौजूद हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
राष्ट्र मंच के कार्यक्रम मंच पर बैठे अलग-अलग दलों के नेता

कार्यक्रम में अपने फैसले का ऐलान करते हुए यशवंत सिन्हा ने जमकर पीएम मोदी और उनकी सरकार पर निशाना साधा। यशवंत सिन्हा ने कहा कि आज देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती लोकतंत्र को बचाने की है। उन्होंने कहा कि वह अपनी बाकी बची हुई जिंदगी इसी मिशन को समर्पित करने जा रहे हैं। सिन्हा ने कहा, “इस साल का संसद का बजट सत्र भारती संसद इतिहास का सबसे छोटा सत्र था। मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ इस बात को कह रहा हूं कि भारत की सरकार ने संसद को चलने नहीं दिया।” उन्होंने कहा कि आज सरकार की शह पर जनता की आवाज को मीडिया में बेमौत मार दिया जाता है।

इस कार्यक्रम का आयोजन देश के वर्तमान राजनीतिक हालात और उसके परिपेक्ष्य में भविष्य में उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा के लिए किया गया है। यशवंत सिन्हा पिछले लंबे समय से पीएम मोदी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ बगावत का बिगुल फूंके हुए हैं। वह लगातार केंद्र की मोदी सरकार और पार्टी नेतृत्व की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उटाते रहे हैं। हालांकि, यशवंत सिन्हा के बेटे जयंत सिन्हा अब भी मोदी सरकार में मंत्री हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia