रामलीला मैदान में रैली को लेकर कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन, घर से निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक एडवाइजरी
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से यात्रा की पहले से योजना बनाने, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा सार्वजनिक परिवहन, विशेष रूप से मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है।

राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार (1 नवंबर) को प्रस्तावित रैली के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मध्य दिल्ली के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रह सकता है। जरूरत के अनुसार यातायात का डायवर्जन और नियमन किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस की यात्रियों से अपील
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से यात्रा की पहले से योजना बनाने, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा सार्वजनिक परिवहन, विशेष रूप से मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है।
इन मार्गों से बचकर
रैली के दौरान नेताजी सुभाष मार्ग टी-प्वाइंट, राजघाट, दिल्ली गेट, आईटीओ ए-प्वाइंट, अजमेरी गेट रेड लाइट, बाराखंबा रोड स्थित रणजीत सिंह फ्लाईओवर स्थानों पर यातायात का मार्ग बदला जा सकता है।
रैली के दौरान बीएसजेड मार्ग (आईटीओ से दिल्ली गेट), जवाहरलाल नेहरू मार्ग (राजघाट से दिल्ली गेट, गुरु नानक चौक होते हुए अजमेरी गेट तक), अरुणा आसफ अली रोड, मिंटो रोड और कमला मार्केट राउंडअबाउट, हमदर्द चौक, तुर्कमान गेट, रणजीत सिंह फ्लाईओवर से तुर्कमान गेट मार्ग, डीबीजी रोड (झंडेवालान राउंडअबाउट से अजमेरी गेट चौक), बाराखंबा रोड से मंडी हाउस और सिकंदरा रोड, केजी मार्ग और फिरोजशाह रोड, चेल्म्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड से भवभूति मार्ग सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।
इसके साथ ही गुरु नानक चौक से कमला मार्केट राउंडअबाउट, कमला मार्केट राउंडअबाउट से हमदर्द चौक, हमदर्द चौक से तुर्कमान गेट, तुर्कमान गेट से गुरु नानक चौक पर भी ट्रैफिक के प्रभावित होने की आशंका है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को सलाह
यातायात की स्थिति को देखते हुए डीटीसी बसों का संचालन बीएसजेड मार्ग, राजघाट से जेएलएन मार्ग, डीबीजी रोड, मिंटो रोड मार्गों पर नियंत्रित किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है। डीबीजी रोड की ओर से आने वाले यात्री चेल्म्सफोर्ड रोड, आउटर सर्कल (कनॉट प्लेस), मिंटो रोड भवभूति मार्ग का उपयोग करें। पूर्वी दिल्ली से आने वाले यात्री को आईटीओ, डीडीयू मार्ग, भवभूति मार्ग से अजमेरी गेट साइड पहुंचने की सलाह दी गई है।
यदि डीडीयू मार्ग पर यातायात बाधित हो तो ऐसे समय में लोग आईटीओ रेड लाइट, डब्ल्यू प्वाइंट, सिकंदरा रोड, कनॉट प्लेस, पहाड़गंज, चेल्म्सफोर्ड रोड से होते हुए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंच सकते हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि अनावश्यक रूप से प्रभावित क्षेत्रों की यात्रा से बचें। सड़क किनारे और अवैध पार्किंग न करें। ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें। आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खाली रखें।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
