दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, आज हीट वेव का येलो अलर्ट; इस दिन से बदलेगा मौसम, बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दिन भी अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने का अनुमान है।

दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी
i
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश के नोएडा समेत पूरे एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 25 अप्रैल को भी हीट वेव (लू) का प्रभाव जारी रहेगा और इसके लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। 

दिन और शाम दोनों वक्त लू चलने की संभावना

सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 अप्रैल को अधिकतम तापमान लगभग 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26-27 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है। दिन के समय और शाम दोनों वक्त लू चलने की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी का असर और अधिक बढ़ गया है।


हवा में नमी (ह्यूमिडिटी) सुबह करीब 40 प्रतिशत और शाम तक 20 प्रतिशत तक रहने का अनुमान है। हालांकि राहत की खबर यह है कि 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव शुरू होने की संभावना है। इस दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और दिन के समय तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। तापमान 43 डिग्री के आसपास ही रहेगा, लेकिन बादलों की वजह से धूप की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है।

27 अप्रैल से बदलेगा मौसम का मिजाज 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दिन भी अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने का अनुमान है। 28 और 29 अप्रैल को मौसम और अधिक बदलेगा। इन दोनों दिनों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

28 अप्रैल को तापमान घटकर अधिकतम 41 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री तक आ सकता है, जबकि 29 अप्रैल को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहने का अनुमान है। इन दिनों हवा में नमी भी बढ़ेगी, जिससे उमस का असर महसूस हो सकता है। 30 अप्रैल को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कहीं-कहीं गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी।


इस दिन तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 25 अप्रैल तक जहां लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा, वहीं 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव शुरू होकर 27 से 29 अप्रैल के बीच हल्की बारिश के साथ तापमान में आंशिक गिरावट देखने को मिलेगी।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia