चौतरफा मुसीबतों से घिरे आजम खान, अब जयाप्रदा अभद्र टिप्पणी मामले में शाहबाद पुलिस ने दाखिल की चार्जशीट

14 अप्रैल को शाहबाद में लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान एक जनसभा में आजम खान ने बीजेपी उम्मीदवार जयाप्रदा के पहनावे को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी। आजम के इस बयान के बाद काफी हंगामा हुआ था।

फोटो: सोशल मीडिया
i

रामपुर से सांसद और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान बीजेपी उम्मीदवार जयाप्रदा पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में शाहाबाद पुलिस ने आजम के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है।

दरअसल 14 अप्रैल को शाहबाद में लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान एक जनसभा में आजम खान ने बीजेपी उम्मीदवार जयाप्रदा के पहनावे को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी। आजम के इस बयान के बाद काफी हंगामा हुआ था। बीजेपी ने इस बयान पर कहा था कि ये समाजवादी पार्टी का असली चेहरा है। महिला आयोग ने भी आजम के इस विवादित बयान पर उनको नोटिस जारी करके सफाई देने का आदेश दिया था।

बता दें कि अभी हाल ही में लोकसभा में तीन तलाक बिल पर बहस के दौरान आजम खान ने सदन में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की कुर्सी पर बैठीं बीजेपी सांसद रमा देवी के ऊपर भी विवादिती टिप्पणी की थी। आजम ने बीजेपी सांसद रमा देवी से कहा कि वे उन्हें अच्छी लगती हैं। इतनी कि वह उनकी आंखों में आंखें डालें रहें उनका मन करता है। आजम ने आगे कहा कि मैं तो कभी न नजर हटाऊं आपसे। इस बयान को लेकर बीजेपी के कई नेताओं ने काफी हंगामा किया था और आजम खान से माफी मांगने को कहा था।


इसके अलावा गुरुवार को आजम खान के जौहर विश्वविद्यालय की अवैध जमीन मामले में भी उन्हें कोर्ट ने झटका देते हुए लोक निर्माण विभाग को नुकसान की भरपाई करने के लिए 3.27 करोड़ का जुर्माना लगाया था।

ज्ञात हो कि जयाप्रदा 2004 और 2009 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर रामपुर से सांसद रह चुकी हैं। इसके बाद साल 2010 में पार्टी विरोधी गतिविधियों की वजह से उन्हें बीजेपी से निष्कासित कर दिया गया था। 2019 में बीजेपी ने उन्हें रामपुर से मैदान में उतारा था। लेकिन आजम खान ने उन्हें भारी मतों से हरा दिया था।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 27 Jul 2019, 2:59 PM