शरद पवार की तबीयत फिर बिगड़ी, डिहाइड्रेशन की वजह से ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती, मीटिंग छोड़कर निकलीं सुप्रिया सुले

बता दें कि इससे पहले 2 नवंबर को भी शरद पवार को पुणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें लगातार खांसी आने के बाद छाती में दर्द की शिकायत हुई थी।

शरद पवार की तबीयत फिर बिगड़ी, डिहाइड्रेशन की वजह से ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती, मीटिंग छोड़कर निकलीं सुप्रिया सुले
i

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार को एक बार फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बार उन्हें डिहाइड्रेशन की वजह से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

सुप्रिया सुले ने पोस्ट कर दी जानकारी 

उनकी बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने एक्स पोस्ट के जरिए इस जानकारी को साझा किया। उन्होंने लिखा, "हम बाबा को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि यह डिहाइड्रेशन है।"

सुप्रिया सुले ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "उन्हें कम यात्रा करनी चाहिए, लेकिन बाबा सुनते ही नहीं हैं। उन्हें अपने काम से बहुत ज्यादा प्यार है। आप सभी की चिंता और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।"


शरद पवार से मिलने पहुंची सुप्रिया

रोहित पवार ने भी 'एक्स' पर पोस्ट करके जानकारी दी। 'एक्स' पोस्ट में रोहित पवार ने लिखा, "शरद पवार साहेब को डिहाइड्रेशन के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुप्रिया ताई इस समय उनसे व्यक्तिगत रूप से मिल रही हैं और बैठक के लिए वापस आएंगी। शरद पवार साहेब की हालत फिलहाल स्थिर और ठीक है, और डॉक्टरों की सलाह के अनुसार अगले दो दिनों तक उन्हें उचित इलाज मिलता रहेगा। इसलिए साहेब के स्वास्थ्य को लेकर किसी को चिंता नहीं करनी चाहिए।"

पुणे के डॉक्टर ने क्या कहा था?

बता दें कि इससे पहले 2 नवंबर को भी शरद पवार को पुणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें लगातार खांसी आने के बाद छाती में दर्द की शिकायत हुई थी।

 उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक ले जाया गया था। अस्पताल की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में रूबी हॉल क्लिनिक के चीफ कार्डियोलॉजिस्ट, चेयरमैन और मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. परवेज के. ग्रांट ने उनके भर्ती होने की पुष्टि की थी और बताया कि इस वरिष्ठ नेता की हालत स्थिर है।

डॉ. ग्रांट ने कहा था, "छाती में दर्द की शिकायत के बाद शरद पवार को रूबी हॉल क्लिनिक में सामान्य स्वास्थ्य जांच और मेडिकल निगरानी के लिए भर्ती किया गया है। उनकी स्थिति में सुधार की उम्मीद है और एहतियात के तौर पर उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा।"


पवार की बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने लोगों की चिंता को देखते हुए सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी कि उनके पिता के सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पैरामीटर सामान्य और स्थिर हैं।

आईएएनएस के इनपुट के साथ