‘कुछ तो गड़बड़ है’, जेपी एनआईसी को लेकर अखिलेश ने फिर बोला हमला, एलडीए को बताया ‘लखनऊ डिस्ट्रक्शन अथॉरिटी’

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर वीडियो साझा कर योगी सरकार और लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) पर निशाना साधा है।

‘कुछ तो गड़बड़ है’, जेपी एनआईसी को लेकर अखिलेश ने फिर बोला हमला, एलडीए को बताया ‘लखनऊ डिस्ट्रक्शन अथॉरिटी’
i

जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र (जेपी एनआईसी) को लीज पर दिए जाने को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर वीडियो साझा कर योगी सरकार और लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) पर निशाना साधा है। उन्होंने एलडीए की उस रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, जिसके आधार पर जेपी एनआईसी को लेकर सरकार की ओर से सफाई दी जा रही है। 

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा है कि ये तो एलडीए ने सच ही कहा कि अगर जेपीएनआईसी बीजेपी सरकार चलाएगी तो हज़ारों करोड़ का नुक़सान होगा क्योंकि सारी कमाई ये कमीशनख़ोर भाजपाई और उनके भ्रष्ट अधिकारी खा जाएंगे। उन्होंने आगे लिखा कि वैसे एलडीए के इन ज्ञानियों-अधिकारियों से ये पूछा जाए कि क्या कोई व्यापारी घाटे का सौदा करेगा मतलब बीजेपी और उनके नालबद्ध अधिकारियों को कमीशन भी खिलाएगा और घाटा भी उठाएगा।


सपा प्रमुख ने कहा कि अब तो जनता एलडीए से पूछ रही है : इस रिपोर्ट को बनाने के लिए आपको कितना परसेंट कमीशन मिला? एलडीए अपनी फुल फार्म बदलकर, ये कर ले : ‘लखनऊ डिस्ट्रक्शन अथॉरिटी’। जनता पूछ रही है कि मुख्यमंत्री जी और उनके सरकारी विभाग-महकमे जेपीएनआईसी बेचने पर इतनी ज़्यादा सफ़ाई क्यों दे रहे हैं। जनता को ऐसा क्यों लागा कुछ तो गड़बड़ है। ज्ञात हो कि जेपीएनआईसी को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव लगातार तेज हो रहा है।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए