श्रीदेवी LIVE: दुबई में भारत के राजदूत की भारतीय मीडिया को सलाह, मौत के कयास न लगाएं, जिम्मेदार बनें

मुंबई में मौजूद श्रीदेवी के फैंस और तमाम बॉलीवुड कलाकार उनके अंतिम दर्शन का इंतजार कर रहे हैं। खलीज टाइम्स के मुताबिक आज श्रीदेवी का पार्थिव शरीर दुबई से मुंबई लाने की संभावना बहुत कम है।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

26 Feb 2018, 11:42 PM

दुबई में भारत के राजदूत की सलाह, मौत के कारणों पर कयास न लगाएं, जिम्मेदार बने

यूएई में भारत के राजदूत नवदीप सुरी ने ट्वीट कर भारतीय मीडिया के श्रीदेवी मामले में जिम्मेदार बनने की सलाह दी है। उन्होंने लिखा है कि, “श्रीदेवी की असामियक मौत पर मीडिया की दिलचस्पी स्वाभाविक है, लेकिन इस बारे में बेबुनियाद कयास लगाने से कुछ हासिल नहीं होने वाला।”

उन्होंने आगे लिखा है कि, “हम स्थानीय अधिकारियों केसाथ लगातार सम्पर्क में हैं और कोशिश कर रहे हैं कि श्रीदेवी का पार्थिव शरीर जितना जल्दी हो सके भारत भेज सकें। हम कोशिश कर रहे हैं।”

उन्होंने एक और ट्वीट में लिखा कि, “हम श्रीदेवी के परिवार और उनके शुभचिंतकों के सम्पर्क में भी हैं। हमें उनके दुख का अंदाज़ा है। इस तरह के मामलों में हमारा अनुभव है कि सारी औपचारिकताएं पूरा होने में 2-3 दिनों का समय लगता है। श्रीदेवी की मौत किस कारण से हुई,यह हमें विशेषज्ञों पर छोड़ देना चाहिए। हमें जिम्मेदार बनना चाहिए”

26 Feb 2018, 11:06 PM

श्रीदेवी को श्रद्धांजलि देने के लिए अनिल कपूर के घर फिल्मी हस्तियों का तांता

श्रीदेवी को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके देवर अनिल कपूर के घर पर फिल्म जगत की हस्तियों का तांता लगा हुआ है। इनमें करिश्मा कपूर, माधुरी दीक्षित और उनके पति श्रीराम नेने, जया प्रदा, तब्बू, जेनेलिया डिसूजा, फरहान अख्तर, शबाना आजमी, सैफ अली खान की बेटी सारा अली खान आदि हैं।

श्रीदेवी LIVE: दुबई में भारत के राजदूत की भारतीय मीडिया को सलाह, मौत के कयास न लगाएं, जिम्मेदार बनें
अनिल कपूर के घर पहुंची शबाना आजमी
श्रीदेवी LIVE: दुबई में भारत के राजदूत की भारतीय मीडिया को सलाह, मौत के कयास न लगाएं, जिम्मेदार बनें
सैफ अली खान की बेटी सारा अली खान
श्रीदेवी LIVE: दुबई में भारत के राजदूत की भारतीय मीडिया को सलाह, मौत के कयास न लगाएं, जिम्मेदार बनें
तब्बू और फरहान अख्तर
26 Feb 2018, 8:17 PM

श्रीदेवी की मौत की गुत्थी उलझी, मौत से पहले किस-किस से की बात, बारीकी से हो रही है जांच

गल्फ न्यूज ने दुबई पुलिस सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि श्रीदेवी ने मौत से पहले जिन लोगों से बात की थी, उन फोन कॉल की डिटेल की जांच हो रही है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस का ध्यान एक फोन कॉल पर खासतौर पर है। लेकिन यह नंबर किसका है इस बारे में अभी कुछ नहीं बताया गया है। इसके अलावा श्रीदेवी ने मौत से 24 से 48 घंटे के बीच जिन लोगों से बात की है, उसकी भी जांच की जा रही है।


26 Feb 2018, 6:45 PM

आज श्रीदेवी का पार्थिव शरीर सौंपे जाने की संभावना बहुत कम

खलीज टाइम्स के मुताबिक पार्थिव शरीर का दोबारा पोस्टमार्टम नहीं होगा। इसके अलावा आज श्रीदेवी का पार्थिव शरीर सौंपे जाने की संभावना बहुत कम है। बोनी कपूर और उनके साथ मौजूद परिवार के सदस्य पब्लिक प्रॉसिक्यूटर से पार्थिव शरीर को रिलीज मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

मामले में कई बिंदुओं को लेकर दुबई पुलिस फिर से जांच कर रही है। सूत्रों की माने तो बोनी कपूर से फिर से पूछताछ हो सकती है। उनसे यह भी पूछताछ हो सकती है कि बाथटब पूरा भरा हुआ क्यों था ? बोनी कपूर ने दुर्घटना के बाद होटल स्टाफ या डॉक्टर की जगह दोस्त को फोन क्यों किया?

26 Feb 2018, 6:41 PM

श्रीदेवी कभी ज्यादा शराब नहीं पीती थी, कभी-कभी वाइन लेती थी: अमर सिंह

अमर सिंह ने कहा, “श्रीदेवी कभी शराब नहीं पीती थी। वह कभी-कभी बस वाइन पीती थीं मेरी तरह और अन्य लोगों की तरह। मैंने अबु धाबी के शेख से बात की है। उन्होंने कहा है कि सारी रिपोर्ट्स पूरी हो चुकी हैं और श्रीदेवी का पार्थिव शरीर आज आधी रात तक भारत आ जाना चाहिए।”


26 Feb 2018, 5:48 PM

श्रीदेवी की मौत के हालात और उस वक्त के सबूतों की गहराई से होगी जांच : गल्फ न्यूज

गल्फ न्यूज ने खबर दी है कि पोस्टमार्टम में मौत का कारण दुर्घटनावश डूबना आने के बाद अब जांच एजेंसियां उन हालात की गहराई से जांच में जुट गई हैं, जिनमें श्रीदेवी होटल कमरे के बाथरूम टब में डूब गईं। इन हालात की जांच फोरेंसिक विभाग कर रहा है। गल्फ न्यूज ने पुलिस के हवाले से बताया है कि सिलसिलेवार ढंग से सभी घटनाओं को जोड़कर जांच की जा रही है।

26 Feb 2018, 5:36 PM

श्रीदेवी की मौत का मामला अब दुबई पब्लिक प्रॉसीक्यूशन को सौंपा गया : दुबई सरकार

श्रीदेवी की मौत का कारण दुर्घटनावश डूबने से होने की बात सामने आने के बाद दुबई पुलिस ने इस मामले को अब दुबई पब्लिक प्रॉसीक्यूशन को सौंप दिया है। दुबई मीडिया ऑफिस के बयान के मुताबिक अब प्रॉसीक्यूशन ऐसे मामलों में अपनाई जाने वाली औपचारिकताएं पूरी करेगी उसके बाद ही शव परिवार वालों को सौंपा जाएगा।


26 Feb 2018, 5:19 PM

श्रीदेवी के शरीर में पाए गए अल्कोहल के अंश

गल्फ न्यूज के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उनके शरीर में अल्कोहल के अंश मौजूद थे।

26 Feb 2018, 4:49 PM

श्रीदेवी का डेथ सर्टिफिकेट जारी हुआ, डूबने से हुई मौत : गल्फ न्यूज

श्रीदेवी की मौत के बाद उनका डेथ सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया है। डायरेक्टर ऑफ प्रीवेंटिव मेडिसिन की तरफ से जारी सर्टिफिकेट में उनकी मौत का कारण दुर्घटनावश डूबना बताया गया है।


26 Feb 2018, 4:44 PM

श्रीदेवी की मौत हार्ट अटैक के बाद बाथटब में डूबने से हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार श्रीदेवी की मौत हार्ट अटैक के बाद बाथटब में डूबने से हुई।

26 Feb 2018, 4:42 PM

श्रीदेवी की मौत एक हादसा, बाथटब में डूबने से गई जान : खलीज टाइम्स

श्रीदेवी की मौत एक हादसा था और बाथटब में डूबने से गई थी उनकी जान। खलीज टाइम्स में सूत्रों के हवाले से दी गई खबर के मुताबिक श्रीदेवी को छोटे-छोटे बेहोशी के झटके आए थे। उस समय वे बाथरूम में थीं और इसी दौरान वे बेहोश हो गईं और बाथटब के पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। उन्हें बेहोशी की हालतम ें अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन सूत्रों के मुताबिक तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।


26 Feb 2018, 3:42 PM

अभिनेत्री श्रीदेवी की फोरेंसिक रिपोर्ट आ गई और थोड़ी देर डेथ सर्टिफिकेट भी मिल जाएगा।

गल्फ न्यूज वेबसाइट के मुताबिक अभिनेत्री श्रीदेवी की फोरेंसिक रिपोर्ट आ गई है और उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। थोड़ी देर में डेथ सर्टिफिकेट भी मिल जाएगा।

26 Feb 2018, 2:55 PM

हार्ट अटैक से बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी की हुई मौत: डॉक्टर

फोरेंसिक जांच कर रहे डॉक्टरों के मुताबिक, दुबई के होटल में बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत हार्ट अटैक से ही हुई थी। उन्हें मौत की वजह में कुछ भी संदिग्ध बात नजर नहीं आई है। भारतीय उच्चायोग के अधिकारी और श्रीदेवी के परिवार के सदस्य को शवगृह में डॉक्टरों ने बुलाया है।


26 Feb 2018, 2:54 PM

श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को ले जाने को लेकर बोनी कपूर ने कहा

बोनी कपूर ने बताया है कि जिस प्राइवेट जेट से श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को भारत लाया जाएगा उसमें सिर्फ वो और उनकी बेटी खुशी कपूर रहेंगी। इसके अलावा उनकी टीम के वे लोग होंगे जो घर तक बिना किसी रुकावट के पार्थिर शरीर को कर जाने वाले हैं।

26 Feb 2018, 2:19 PM

अनिल कपूर के घर अभिनेत्री माधुरी दीक्षित भी पहुंची।


26 Feb 2018, 2:13 PM

श्रीदेवी के शरीर की दोबारा नहीं होगी ऑटोप्सी : खलीज टाइम्स

खलीज टाइम्स के मुताबिक दुबई के फोरेंसिक विभाग के अधिकारी ने बताया कि श्रीदेवी के पार्थिव शरीर की दोबारा ऑटोप्सी नहीं होगी। लेकिन अभी रिपोर्ट मिलने में समय लग सकता है। अधिकारियों ने बताया कि ब्लड रिपोर्ट और ऑटोप्सी रिजल्ट अभी तक नहीं मिल पाया है।

26 Feb 2018, 12:59 PM

अनिल कपूर के घर पहुंचकर कई फिल्मी हस्तियों ने शोक प्रकट किया

एक्टर फरहान अख्तर अपनी मां हनी ईरानी के साथ अनिल कपूर के घर पहुंचे हैं। श्रीदेवी की फेवरेट कोरियोग्राफर सरोज खान भी उन्हें अपनी श्रद्धांजलि देने पहुंची हैं। उन्होंने कहा, “हमें अबतक यकीन नहीं हो रहा, हम सब उन्हें बहुत प्यार करते थे, मैं कुछ और कहने की हालत में नहीं हूं।”

फिल्म निर्देशक करण जौहर और फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा अनिल कपूर के घर पहुंचे


26 Feb 2018, 12:42 PM

रिपोर्ट में देरी क्यों हो रही है, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो रहा है।

दुबई के फोरेंसिक विभाग ने अभी तक दुबई पुलिस को श्रीदेवी की ब्‍लड टेस्‍ट रिपोर्ट नहीं सौंपी है। खलीज टाइम्‍स की रिपोर्ट के अनुसार अभी यह तय नहीं है कि आखिर ब्‍लड टेस्‍ट रिपोर्ट देने में क्‍यों देरी हो रही है?

श्रीदेवी के निधन को 36 घंटे पूरे हो गए हैं, लेकिन अभी तक उनकी फोरेंसिक जांच पूरी नहीं हो सकी है। जब तक के रिपोर्ट नहीं आएगी श्रीदेवी के शव को भारत रवाना नहीं किया जाएगा। रिपोर्ट में देरी क्यों हो रही है, इसका कारण स्पष्ट नहीं है।

26 Feb 2018, 12:13 PM

ब्लड टेस्ट की रिपोर्ट और कानूनी औपचारिकताओं के चलते पार्थिव शरीर को आने में देरी

अभिनेत्री श्रीदेवी का पोस्टमार्टम पूरा किया जा चुका है। फॉरेंसिक विभाग की ओर से अभी तक ब्लड टेस्ट की रिपोर्ट जमा नहीं किया गया है। रिपोर्ट और कानूनी औपचारिकताओं के चलते पार्थिव शरीर को आने में देरी हो रही है।


26 Feb 2018, 11:52 AM

अनिल कपूर के घर पहुंची निर्देशक फराह खान और अभिनेत्री तब्बू

अनिल कपूर के घर पर फिल्म निर्देशक फराह खान और अभिनेत्री तब्बू शोक व्यक्त करने के लिए पहुंची।

26 Feb 2018, 11:46 AM

श्रीदेवी की अंतिम इच्छा के अनुसार भाग्या बंगले को पूरी तरह से सफेद किया जा रहा है।

श्रीदेवी की इच्छा थी कि उनकी अंतिम विदाई में सबकुछ सफेद हो। उन्हें सफेद रंग पसंद था, इसलिए मुबंई के भाग्या बंगले को पूरी तरह से सफेद किया जा रहा है।


26 Feb 2018, 11:04 AM

दुबई में श्रीदेवी का पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा गया, लेकिन कानूनी प्रकिया में लग रहा है समय

श्रीदेवी का पोस्टमॉर्टम हो चुका है, परिवार को शव सौंपा भी जा चुका है लेकिन फॉरेंसिक लैब की प्रक्रियाओं के पूरा ना हो पाने की वजह से उनका डेथ सर्टिफिकेट जारी नहीं किया गया है। फॉरेंसिक विभाग के जनरल डिपार्टमेंट की मानें तो 25 फरवरी की रात को श्रीदेवी के ब्लड सैंपल को टेस्ट के लिए भेजा गया था। जो अभी तक नहीं आई है। रिपोर्ट के आने का बाद मृत्यु प्रमाण पत्र दिया जाएगा। जिसकी वजह से दुबई से उनका पार्थिव शरीर अभी तक भारत नहीं आ पा रहा है। दुबई से करीब 2 बजे तक ही शव निकलने और देर शाम तक मुंबई पहुंचने की उम्मीद है।

26 Feb 2018, 10:26 AM

मौत के वक्त बोनी कपूर थे श्रीदेवी के कमरे में : खलीज टाइम्स की रिपोर्ट

श्रीदेवी की मौत से जुड़ी कुछ बातें अब सामने आ रही हैं। खलीज टाइम्स ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि बोनी कपूर मुंबई से दुबई लौटे थे और श्रीदेवी को डिनर पर ले जाना चाहते थे। लेकिन उन्होंने इसे सरप्राइज डेट बनाया था। सूत्रों को अनुसार शनिवार शाम करीब 5.30 बजे बोनी कपूर होटल एमिरेट्स टॉवर पहुंचे और श्रीदेवी को सरप्राइज डिनर डेट पर चलने को कहा। श्रीदेवी उत्साहित थीं और तैयार होने वॉशरूम चली गईं। इस दौरान बोनी कपूर कमरे में ही थे। लेकिन काफी देर तक जब वे बाहर नहीं आईं, तो बोनी कपूर ने बाथरूम का दरवाजा खटखटाया, और कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने दरवाजा तोड़ा, तो श्रीदेवी पानी से भरे टब में बेहोश पड़ी थीं।

सूत्रों का कहना है कि बोनी कपूर ने उन्हें होश में लाने की कोशिश की, लेकिन जब कोई नतीजा नहीं निकला तो उन्होंने अपने एक दोस्त को बुलाया। इसके बाद रात 9 बजे के आसपास पुलिस को सूचना दी गई। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया।


26 Feb 2018, 10:22 AM

देश ने एक बड़े स्टार को खो दिया है: अनुपम खेर

श्रीदेवी के निधन के बाद उनके घर पहुंचे अनुपम खेर ने कहा, “मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है कि वो हमारे साथ नहीं हैं। वो हमेशा याद की जाएंगी। देश ने एक बड़े स्टार को खो दिया है।”

26 Feb 2018, 10:18 AM

मुंबई में श्रीदेवी के फैंस और बॉलीवुड कलाकार अंतिम दर्शन का इंतजार कर रहे हैं।

मुंबई में मौजूद श्रीदेवी के फैंस और तमाम बॉलीवुड कलाकार उनके अंतिम दर्शन का इंतजार कर रहे हैं। 25 फरवरी को दिनभर अनिल कपूर के घर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। बॉलीवुड से लेकर खेल जगत से जुड़ी हस्तियों ने अनिल के घर पहुंचकर परिवार के दुख-दर्द को बांटा।


26 Feb 2018, 9:26 AM

दुबई फोरेंसिक सेंटर के बाहर बेसब्री से इंतजार कर रहा है श्रीदेवी का परिवार

दुबई में श्रीदेवी का परिवार फोरेंसिक सेंटर के बाहर पार्थिव शरीर मिलने का इंतजार कर रहा है। वहीं श्रीदेवी के प्रशंसकों का बड़ा जमावड़ा भी वहां लगा है। औपचारिकताएं पूरी होने में काफी वक्त लग रहा है। अभी तक परिवार को शव नहीं सौंपा गया है।

26 Feb 2018, 9:16 AM

होटल एमिरेट्स टॉवर के कमरे में अकेली थीं श्रीदेवी

श्रीदेवी पति बोनी कपूर और बेटी खुशी के साथ दुबई के होटल एमिरेट्स टॉवर में ठहरी थीं, उसके बाथरूम में वह बेहोश मिलीं। गल्फ न्यूज ने होटल के सूत्रों के हवाले से कहा कि इस बात का शक है कि रात को उन्हें बाथरूम में ही दिल का दौरा पड़ा और वो वहीं गिर गईं।

श्रीदेवी ने फिल्म प्रोड्यूसर बोनी कपूर से 1996 में शादी की थी। दोनों की लव स्टोरी फिल्म मि. इंडिया (1987) की शूटिंग के दौरान से ही शुरू हुई थी।


26 Feb 2018, 9:09 AM

दुबई में पुलिस ने होटल का पूरा फ्लोर किया सील

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पति और बेटी के मुंबई लौटने के बाद श्रीदेवी दुबई के होटल के कमरे में अकेली थीं। निधन से पहले 48 घंटे तक बाहर भी नहीं निकलीं। शनिवार रात बाथरूम में बेहोश होने के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। दुबई पुलिस ने होटल का पूरा फ्लोर सील कर दिया है, ताकि जरूरी हो तो जांच की जा सके। 

26 Feb 2018, 9:00 AM

मौत को लेकर क्या क्या कोई संदेह दुबई पुलिस को!

श्रीदेवी का पार्थिव शरीर सोमवार को दुबई से मुंबई लाया जाएगा। पार्थिव शरीर को लाने के लिए अनिल अंबानी का प्राइवेट जेट दुबई पहुंच गया है। आज दोपहर जुहू के मुक्त‍िधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं, उनकी मौत को लेकर कुछ संदेह भी जताया जा रहा है। श्रीदेवी का शनिवार रात दुबई में दिल का दौरा पड़ने सेे निधन हो गया था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia