'तीन महीने में 40% महंगी हुई चीनी', खड़गे ने मोदी सरकार से पूछा- इस महंगाई की मार के लिए कौन जिम्मेदार है?
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र से सवाल किया कि ऐसी स्थिति में भी पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (E20) की नीति की समीक्षा क्यों नहीं की जा रही।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने त्योहारों से पहले चीनी की कीमत में ‘‘बढ़ोतरी’’ और देश में चीनी का भंडार कम होने को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। खड़गे ने केंद्र से सवाल किया कि ऐसी स्थिति में भी पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (E20) की नीति की समीक्षा क्यों नहीं की जा रही।
खड़गे का मोदी सरकार से सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह दावा भी किया कि देश में चीनी का भंडार नौ साल के निचले स्तर पर पहुंच गया है और 10 लाख टन चीनी का शुल्क-मुक्त आयात करने की नौबत आ गई है।
उन्होंने सवाल किया, ‘‘दुनिया के बड़े चीनी उत्पादक और निर्यातक भारत में आज चीनी का भंडार नौ साल के निचले स्तर पर क्यों है? नौबत निर्यात रोकने और 10 लाख टन चीनी का शुल्क-मुक्त आयात करने तक कैसे पहुंच गई?’’
महंगाई की मार के लिए जिम्मेदार कौन?
राज्यसभा में विपक्ष के नेता खड़गे ने कहा कि तीन महीने में चीनी करीब 40 प्रतिशत महंगी हो गई है और सरकार को इसका जवाब देना चाहिए कि त्योहारों से पहले जनता पर पड़ने वाली इस महंगाई की मार के लिए कौन जिम्मेदार है।
ये कैसा ‘आत्मनिर्भर भारत’ है?
खड़गे ने देश में चीनी की कथित कमी के बीच एथेनॉल नीति पर भी सवाल उठाया। न्होंने पूछा कि जब सरकार विदेश से चीनी मंगा रही है, तो पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (ई20) के लिए गन्ने और अनाज को इस्तेमाल करने की नीति की समीक्षा क्यों नहीं की जा रही। उन्होंने सवाल किया, ‘‘ये कैसा ‘आत्मनिर्भर भारत’ है?’’
खड़गे ने अपनी पोस्ट में कहा, ‘‘पहले चीनी का उत्पादन घटा, फिर भंडारण नौ साल के निचले स्तर पर पहुंचा, अब हम विदेश से चीनी आयात कर रहे हैं और दूसरी तरफ गन्ने को पेट्रोल में मिलाने के लिए एथेनॉल में झोंक रहे हैं!’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने इन मुद्दों के जरिए केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि त्योहारों के मौसम में चीनी की कीमतों में वृद्धि का बोझ आम लोगों पर पड़ रहा है।
पिछले कुछ महीनों से करीब 44 रुपये प्रति किलो के आसपास खुदरा बाजार में बिक रही चीनी के दाम अब तेजी से बढ़कर 65 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गए हैं। चीनी की कीमतों में अचानक आए इस उछाल ने आम उपभोक्ताओं से लेकर छोटे दुकानदारों और मिठाई कारोबारियों तक की चिंता बढ़ा दी है। त्योहार को देखते हुए कीमतें और भी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
