सुनील अरोड़ा बने देश के नए मुख्य चुनाव आयुक्त, ओपी रावत की ली जगह

सुनील अरोड़ा भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1980 बैच के राजस्थान कैडर के रिटायर्ड अधिकारी हैं। वे राजस्थान में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव जैसे पदों पर रह चुके हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली में सुनील अरोड़ा ने रविवार को देश के नए मुख्य चुनाव आयुक्त के पद की जिम्मेदारी संभाल ली। उन्होंने ओम प्रकाश रावत की जगह ली है। ओपी रावत शनिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पद से रिटायर हुए थे।

चुनाव आयोग की प्रवक्ता शेफाली शरण ने ट्वीट कर कहा, "सुनील अरोड़ा ने भारत के नए मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में पदभार संभाल लिया। वे सभी हितधारकों राजनीतिक दलों, मीडिया, नागरिक समाज संगठनों और लोगों से हमारे चुनाव को मुक्त, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, सुगम और नैतिक बनाने के लिए सहयोग चाहते हैं।"

सुनील अरोड़ा को मुख्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किए जाने को लेकर कानून मंत्रालय ने मंगलवार को ही अधिसूचना जारी की थी। राजस्थान और और तेलंगाना में 7 दिसंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव और अगले साल लोकसभा चुनाव अब इनकी देखरेख में होंगे। चुनाव आयुक्त के तौर पर अरोड़ा की नियुक्ति 31 अगस्त, 2017 को हुई थी।

सुनील अरोड़ा भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1980 बैच के राजस्थान कैडर के रिटायर्ड अधिकारी हैं। वे राजस्थान में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव जैसे पदों पर रह चुके हैं। इसके अलावा वे केंद्र सरकार में कई अहम पदों पर भी काम कर चुके हैं।

चुनाव आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त का कार्यकाल 6 साल या फिर 65 साल उम्र तक होता है। सबसे वरिष्ठ चुनाव आयुक्त को ही चुनाव आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त के तौर पर नियुक्त किया जाता है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 02 Dec 2018, 12:27 PM