'देश और दुनिया में BJP की हो रही थू-थू, धर्म को बचाने की 'जंग' से कम नहीं होगा अगला चुनाव', 'चंदा चोरी' पर अखिलेश
अखिलेश ने कहा, ''भाजपाई और उनके संगी-साथियों की संलिप्तता पूरे अयोध्या में चर्चा का विषय है। जनता का बीजेपी पर अब रत्ती भर भी विश्वास नहीं रह गया है। अयोध्या ही नहीं पूरे उत्तर प्रदेश, देश व दुनिया में बीजेपी की थू-थू हो रही है।''

अखिलेश यादव बोले- अयोध्या स्थित राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण में बीजेपी और उसके संगी-साथियों की संलिप्तता अब जगजाहिर
अखिलेश यादव ने कहा, 'बीजेपी के खिलाफ अगला चुनाव धर्म को बचाने की किसी जंग से कम नहीं होगा'
पूर्व सीएम ने कहा, "ये बेहद निंदनीय है कि सरकारी देखरेख में ‘धर्म धन की चोरी’ का इतना अधर्मी कुकृत्य किया गया है।"
समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि अयोध्या स्थित राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और उसके संगी-साथियों की संलिप्तता अब जगजाहिर हो चुकी है और अगला चुनाव बीजेपी के खिलाफ धर्म को बचाने की किसी 'जंग' से कम नहीं होगा।
'देश और दुनिया में बीजेपी की हो रही थू-थू'
उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की पहली सतही जांच में ही आँकडा 70 से 50 प्रतिशत आगे बढ़कर 105 प्रतिशत हो गया है। ये बेहद निंदनीय है कि सरकारी देखरेख में ‘धर्म धन की चोरी’ का इतना अधर्मी कुकृत्य किया गया है।''
उन्होंने इसी पोस्ट में आगे कहा, ''भाजपाई और उनके संगी-साथियों की संलिप्तता पूरे अयोध्या में चर्चा का विषय है। जनता का बीजेपी पर अब रत्ती भर भी विश्वास नहीं रह गया है। अयोध्या ही नहीं पूरे उत्तर प्रदेश, देश व दुनिया में बीजेपी की थू-थू हो रही है।''
बीजेपी के विरुध्द होगा धर्म युद्ध!
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ''संपूर्ण विश्व के सनातनियों को इस बात से गहरा आघात पहुंचा है कि उन्होंने जो दान-पुण्य का पैसा धर्म के विकास के लिए दिया था उस धन को भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों ने चुराकर अपना-अपना खजाना भर लिया है।''
उन्होंने कहा कि यह अपराध भी है और पाप भी, इसीलिए सबने संकल्प लिया है कि अब बीजेपी को सदैव के लिए हराना और हटाना है।
यादव ने कहा, 'बीजेपी के खिलाफ अगला चुनाव धर्म को बचाने की किसी जंग से कम नहीं होगा, इसीलिए धर्म-प्रधान लोग कह रहे हैं कि अब बीजेपी के विरुध्द होगा धर्म युद्ध!''
कब सामने आया मामला
राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी का मामला जून के पहले सप्ताह में सामने आया था, जिसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने आरोपों की जांच के लिए 13 जून को एक विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) का गठन किया था। 23 जून को मिली उसकी प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर 25 जून को एक प्राथमिकी दर्ज करके आठ आरोपियों अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडेय, रामशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रमाशंकर यादव उर्फ टीनू यादव को गिरफ्तार किया गया था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
