'प्रधान का इस्तीफा शिक्षा व्यवस्था को संवारने की दिशा में बड़ा कदम', राहुल बोले- शाबाश छात्रों, आप सभी पर गर्व है
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर देशभर के छात्रों को बधाई देते हुए कहा, ‘‘शाबाश देश भर के छात्रों, आप सभी पर गर्व है।’’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के लिए छात्रों को बधाई दी है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को ‘‘शिक्षा व्यवस्था" को फिर से संवारने की दिशा में 'बड़ा कदम’ है।
‘शाबाश छात्रों, आप सभी पर गर्व है'
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर देशभर के छात्रों को बधाई देते हुए कहा, ‘‘शाबाश देश भर के छात्रों, आप सभी पर गर्व है।’’
उन्होंने "सड़कों पर उतरकर लोकतंत्र, संविधान और अपने भविष्य की रक्षा के लिए डटकर खड़े होने वाले" हर युवा और छात्र को बधाई दी।
अभी ‘‘दो मांगें’’ बाकी
कांग्रेस नेता ने कहा कि अभी ‘‘दो मांगें’’ बाकी हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री से छात्रों और भारत के भविष्य को सम्मान देते हुए माफी मांगने तथा छात्रों पर हिंसा के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
संवैधानिक तरीके से डटकर खड़े होना ही "असली साहस"
राहुल गांधी ने कहा कि समाज के दूसरे वर्गों, किसानों, मजदूरों, गरीबों और इस सरकार द्वारा दबाए गए और कुचले गए लोगों का अपने सम्मान की खातिर संवैधानिक तरीके से डटकर खड़े होना ही ‘‘असली साहस’’ है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस सरकार को हटाने का वक्त आ गया है। डरो मत!’’
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
