'देश में दलितों के लिए जगह नहीं, धर्म के नाम पर हो रही राजनीति', हल्द्वानी में ‘शुद्धिकरण’ पर खड़गे ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस शुरू से कहती रही है कि देश में दलितों के लिए जगह नहीं है। धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की कोशिश की जा रही है।

उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस की ‘विजय शंखनाद’ रैली के बाद रामलीला मैदान में हुए ‘शुद्धिकरण हवन’ को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी और हिंदू संगठनों पर निशाना साधा है। आठ अगस्त को आयोजित कांग्रेस की रैली को खड़गे ने संबोधित किया था। इसके बाद श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास की ओर से रामलीला मैदान में शुद्धि हवन किया गया।
खड़गे का सवाल- ये कैसा लोकतंत्र है?
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस घटनाक्रम पर राज्यसभा में कहा, “बड़े दुख के साथ कहना पड़ता है कि मैंने हल्द्वानी में रैली की। मैंने किसी धर्म का नाम नहीं लिया, समाज का नाम नहीं लिया, बल्कि लोगों की समस्याओं को बताया।”
खड़गे ने आगे कहा कि उनके भाषण के बाद अगले दिन बीजेपी ने हवन कर उस मंच का शुद्धिकरण करने का काम किया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “ये कैसा लोकतंत्र है?"
बीजेपी वाले मेरा अपमान कर रहे हैं- खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा कि वह इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहते। मैं इस बात को कभी सदन में नहीं कहा। मैं अनुसूचित जाति से हूं, लेकिन कभी किसी से नहीं कहा कि मेरी रक्षा करो। उन्होंने कहा, मैं कभी किसी के सामने गिड़गिड़ाता नहीं हूं। मेरे अंदर लड़ने की शक्ति है और मैं लड़ता हूं। उन्होंने इसे अपना अपमान बताते हुए कहा, “बीजेपी वाले ये शुद्धिकरण करके मेरा अपमान कर रहे हैं।
खड़गे ने आगे कहा कि मेरी मांग है कि उन लोगों के खिलाफ केस दर्ज करो और उन्हें गिरफ्तार करो। ..
'धर्म के नाम पर हो रही राजनीति'
इससे पहले संसद के बाहर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से कहती रही है कि देश में दलितों के लिए जगह नहीं है। धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की कोशिश की जा रही है। खड़गे ने सवाल उठाया कि रामलीला मैदान सभी राजनीतिक दलों की जनसभाओं के लिए इस्तेमाल होता है, ऐसे में वहां हवन करने की जरूरत क्या थी?
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि इस तरह का आयोजन सबसे पहले हिंदू धर्म के ही खिलाफ है। ऐसे कदम देश को बांटने और जातियों के बीच विवाद पैदा करने का काम करते हैं।
खड़गे का अमित शाह पर आरोप
कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर कहा, "कब, अब जब आज वंदे मातरम हो रहा है, जन गण मन हो रहा है। 19 दिन संसद चला और कम से कम 25-26 दिन आपके पास थे तो उस समय आपको ये याद नहीं आया। ये तो मैं समझाता हूं कि लोगों को बताने के लिए उनका ये बयान है। जब आपका एजेंडा पूरा हो गया तब आप तैयार होते हैं, सबके 19 दिन बर्बाद करने के बाद अब समय मांगते हैं। ये शर्म की बात है।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
