'अबकी बार… जनता की कमाई पर किश्तों में लूटमार', खड़गे बोले- मोदी सरकार में असली संकट नेतृत्व का है, पूरा देश समझ गया

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सवाल किया, "नरेन्द्र मोदी जी बताइए, इस लूट की किश्त किस-किस को जा रही है? आप इतने 'कंप्रोमाइज्ड' क्यों हैं?"

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी को लेकर शनिवार को सरकार पर निशाना साधा और कहा कि मोदी सरकार में असली संकट नेतृत्व का है और यह बात अब सभी देशवासी समझ चुके हैं।

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शनिवार को एक बार फिर वृद्धि की गयी। पेट्रोल की कीमत 87 पैसे लीटर जबकि डीजल के दाम 91 पैसे प्रति लीटर बढ़ाये गये हैं।

पिछले 10 दिनों से भी कम समय में यह तीसरा मौका है जब ईंधन के दाम बढ़ाये गये हैं।

खड़गे ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "पेट्रोल अब हुआ 100 रुपये पार,

अबकी बार… जनता की कमाई पर किश्तों में लूटमार। पेट्रोल-डीजल पर रोजाना 1000 रुपये करोड़ का केंद्रीय कर लगाकर बीजेपी का पेट नहीं भरा… अंतरराष्ट्रीय दाम जब कम थे तब जनता को फ़ायदा नहीं पहुँचाया, उन्हें जमकर लूटा।"

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा, "जब संकट आया तो, चुनाव में जुट गए और चुनाव बाद त्याग का उपदेश दिया, फिर 8 दिनों में 3 बार पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़ाए।"

उन्होंने कहा, "हमें बताया गया कि विदेशों के मुक़ाबले भारत में दाम सबसे कम हैं। पश्चिम एशिया में जंग शुरू होने के बाद जब मोदी जी हम भारतीयों को “सब ठीक है” की घुट्टी पिला रहे थे तब बाकि देश अपनी-अपनी जनता को राहत पहुँचा रहे थे।"


उन्होंने दावा किया, "इटली ने ईंधन पर एक्साइज कटौती की, जिससे उनकी जनता को राहत मिली। ऑस्ट्रेलिया ने उत्पाद शुल्क में कटौती की, जिससे नागरिकों के लिए पेट्रोल की कीमतें लगभग 17 रुपये प्रति लीटर कम हो गईं। जर्मनी ने तेल पर कर कम किया, जिससे ईंधन की कीमतें 17–19 रुपये प्रति लीटर कम हो गईं।"

उन्होंने सवाल किया, "नरेन्द्र मोदी जी बताइए, इस लूट की किश्त किस-किस को जा रही है? आप इतने 'कंप्रोमाइज्ड' क्यों हैं?" खड़गे ने दावा किया, "इस सरकार में नेतृत्व का संकट असली है, 140 करोड़ भारतीय अब ये समझ गए हैं।"

पीटीआई के इनपुट के साथ

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia