बिहार विधानसभा और पटना सिविल कोर्ट को उड़ाने की दी धमकी, बम स्क्वायड की टीम जांच के लिए पहुंची

बम से उड़ाने की सूचना मिलते ही पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के निर्देश पर फौरन सुरक्षाकर्मी बम निरोधक दस्ते के साथ विधानसभा पहुंचे और जांच में जुट गए। बम निरोधक दस्ते (बम स्क्वॉड) ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी।

प्रतीकात्मक तस्वीर
i
user

नवजीवन डेस्क

बिहार विधानसभा को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं और विधानसभा परिसर की सुरक्षा को कड़ा कर दिया गया।

बम से उड़ाने की सूचना मिलते ही पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के निर्देश पर फौरन सुरक्षाकर्मी बम निरोधक दस्ते के साथ विधानसभा पहुंचे और जांच में जुट गए। बम निरोधक दस्ते (बम स्क्वॉड) ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी। इसके साथ ही डॉग स्क्वॉड की टीम भी जांच में जुटी हुई है। सुरक्षाकर्मी विधानसभा के हर कोने, कक्ष और आसपास के इलाकों की सघन तलाशी ले रहे हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके।

मामले में पटना के एसएसपी ने पत्रकारों को बताया कि अज्ञात मेल के जरिए धमकी आई थी। साइबर सेल की टीम मामले की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है।

बता दें कि 13 मार्च 2026 को बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इससे पहले ठीक इसी अंदाज में पटना सिविल कोर्ट समेत कुछ जिलों के कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ।

इसी बीच पटना सिविल कोर्ट को भी उड़ाने की धमकी मिलने की खबर सामने आई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है। सिविल कोर्ट परिसर में भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहां आने-जाने वाले लोगों की कड़ी जांच की जा रही है और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है।


दोनों ही स्थानों पर जांच-पड़ताल का काम अभी भी जारी है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही हैं और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी तक किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरी सतर्कता बरती जा रही है।

प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और मामले की जांच जारी है।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia