मोहाली के स्कूलों और फोर्टिस अस्पताल को उड़ाने की धमकी, CM भगवंत मान हैं भर्ती
मोहाली के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘स्कूलों को दी गई बम विस्फोट की धमकी में मोहाली के फोर्टिस अस्पताल का भी जिक्र है जहां हमने जांच की। गैर जरूरी सेवाएं रोक दी गईं लेकिन जरूरी सेवाएं जारी रहीं।’’

पंजाब में मोहाली के कुछ स्कूलों को मंगलवार को बम विस्फोट की धमकी वाले ईमेल मिले जिनमें फोर्टिस अस्पताल का भी जिक्र किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि ये ईमेल मिलने के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
मोहाली के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘स्कूलों को दी गई बम विस्फोट की धमकी में मोहाली के फोर्टिस अस्पताल का भी जिक्र है जहां हमने जांच की। गैर जरूरी सेवाएं रोक दी गईं लेकिन जरूरी सेवाएं जारी रहीं।’’
उन्होंने कहा कि पुलिस स्कूलों में जांच कर रही है।
फोर्टिस अस्पताल में सीएम भगवंत मान हैं भर्ती
मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में मुख्यमंत्री भगवंत मान के भर्ती होने के मद्देनजर अस्पताल के भीतर और आसपास सुरक्षा पहले ही कड़ी है। मुख्यमंत्री मान को अस्पताल से छुट्टी मिलने के कुछ ही घंटों बाद सोमवार शाम दोबारा भर्ती कराया गया। सूत्रों ने बताया कि मान को थकावट महसूस होने पर फिर से भर्ती कराया गया।
पहले भी मिले धमकी वाले ईमेल
बुधवार को भी मोहाली के 16 निजी स्कूलों को बम विस्फोट की धमकी वाले ईमेल मिले थे जिसके बाद वहां से लोगों को बाहर निकाला गया था और पुलिस ने परिसरों की गहन तलाशी ली थी।
हालांकि, किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
इससे पहले चंडीगढ़, अमृतसर, जालंधर, पटियाला और हरियाणा के विद्यालयों को भी इसी प्रकार की धमकियां मिली थीं। हालांकि ये सभी धमकियां फर्जी निकलीं।
पीटीआई के इनपुट के साथ