मौसम की दोहरी मार: कहीं लू का कहर, तो कहीं आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें दिल्ली-यूपी-बिहार समेत देशभर का हाल
देश के कई हिस्सों में लू का प्रकोप जारी है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। वहीं, 10 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

देश के ज्यादातर हिस्सों में इस समय मौसम दोहरे तेवर दिखा रहा है। उत्तर भारत के बड़े इलाके भीषण लू की चपेट में हैं। वहीं, मौसम विभाग ने 10 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की है। असम में लगातार बारिश का दौर जारी है, जो अगले दो-तीन दिनों तक चल सकता है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर के कई राज्यों में गरज, बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में बारिश-आंधी का खतरा
मौसम विभाग के मुताबिक 21 से 23 अप्रैल के बीच अरुणाचल प्रदेश, और 21 से 22 अप्रैल के दौरान नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में 21 अप्रैल को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है।
असम में ऊपरी वायुमंडलीय सिस्टम के चलते मध्यम से भारी बारिश, तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा) और आंधी-तूफान का खतरा बना हुआ है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने शहरी बाढ़, भूस्खलन और यातायात बाधित होने की चेतावनी दी है। किसानों को भी फसलों को ओलावृष्टि और तेज हवाओं से बचाने की सलाह दी गई है।
उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में लू का प्रकोप
मौसम विभाग ने अगले 4-5 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में लू चलने का अनुमान जताया है। हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के मैदानी इलाकों में 21 से 25 अप्रैल के बीच अलग-अलग समय पर लू का असर रहेगा।
साथ ही पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, गुजरात के तटीय क्षेत्रों में गर्म और उमस भरे मौसम की संभावना है। कई इलाकों में रात का तापमान भी बढ़ने से लोगों को राहत नहीं मिलेगी।
दिल्ली-एनसीआर और बड़े राज्यों में बढ़ती गर्मी
दिल्ली-एनसीआर में 21 से 24 अप्रैल के बीच तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 22 अप्रैल को दिनभर लू चलने का अनुमान है, जबकि 24 अप्रैल को नमी 70 प्रतिशत तक बढ़ सकती है, जिससे उमस बढ़ेगी।
उत्तर प्रदेश में प्रयागराज 44.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि लखनऊ में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। बिहार में 23 अप्रैल को तेज आंधी (50-70 किमी/घंटा) की संभावना है, लेकिन फिलहाल गर्मी से लोग बेहाल हैं।
मध्य प्रदेश में कई जिलों में लू और गर्म रातों का असर है, वहीं कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। झारखंड में भी आंधी, बिजली और हल्की बारिश के साथ तापमान 40-44 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।
दक्षिण और पश्चिम भारत में भी असर
ओडिशा में अगले चार दिनों तक लू और उमस भरा मौसम बना रहेगा, जबकि कुछ जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। तमिलनाडु में तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री अधिक रह सकता है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है।
गुजरात के अहमदाबाद, सूरत और राजकोट में तापमान 39-42 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि तटीय इलाकों में हल्की राहत मिल सकती है। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के उत्तरी हिस्सों में भी गर्म हवाएं चलेंगी, जबकि केरल में हल्की बारिश के बावजूद उमस बनी रहेगी।
पंजाब और हरियाणा में 21 अप्रैल को धूल भरी आंधी और हल्की बारिश से तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट आ सकती है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia