मणिपुर सीएम के इस्तीफे की अटकलों के बीच इंफाल में जबरदस्त ड्रामा, एन. बीरेन सिंह को राजभवन जाने से रोका गया

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे की तेज अटकलों के बीच उन्हें शुक्रवार को राज्यपाल अनुसुइया उइके से मिलने के लिए राजभवन जाने से रोक दिया गया।

फोटो: IANS
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे की तेज अटकलों के बीच उन्हें शुक्रवार को राज्यपाल अनुसुइया उइके से मिलने के लिए राजभवन जाने से रोक दिया गया। दोपहर करीब 2.30 बजे सिंह कई मंत्रियों और नेताओं के साथ अपने आधिकारिक बंगले से बाहर निकले और जब उनके काफिले ने राजभवन की ओर बढ़ने की कोशिश की तो हजारों लोगों, जिनमें ज्यादातर महिलाएं थीं, ने उनकी कार को घेर लिया और उन्हें वापस लौटने पर मजबूर कर दिया।

कुछ मीडिया चैनलों ने राज्यपाल को लिखा हुआ बीरेन सिंह का फटा हुआ त्यागपत्र दिखाया।मणिपुर सरकार के प्रवक्ता और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सपम रंजन सिंह ने कहा कि भारी भीड़ ने मुख्यमंत्री को राजभवन जाने से रोका। सपम रंजन सिंह ने मीडिया से कहा, "मणिपुर में पिछले कुछ दिनों के दौरान हुई घटनाओं से मुख्यमंत्री नाराज हैं। अब हम आगे की कार्रवाई पर चर्चा कर रहे हैं।"


बैनर और तख्तियां लिए कुछ महिलाओं ने मीडिया से कहा कि वे सिंह को इस्तीफा नहीं देने देंगी। स्थानीय मीडिया ने बताया कि मुख्यमंत्री को सुबह 10 बजे राज्यपाल से मिलना था, फिर इसे दोपहर 1 बजे तक के लिए टाल दिया गया। और फिर दोपहर 3 बजे तक। राजभवन सूत्रों ने ताजा घटनाक्रम के बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और मुख्यमंत्री की राज्यपाल से मुलाकात की पुष्टि नहीं की।

उधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी हिंसा प्रभावित राज्य का दौरा कर रहे हैं और प्रभावित लोगों से मिल रहे हैं। ताजा घटनाक्रम उनके दौरे के बीच हुआ है। 

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia