TVK सरकार का पहला बजट: दुल्हनों को 8g सोने का सिक्का; रेशमी साड़ी, छात्रों को लैपटॉप... जानें क्या-क्या मिला
वित्त मंत्री ने घोषणा की कि सरकारी स्कूलों के लिए आधुनिकीकरण के लिए 2,132 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में बुनियादी ढांचे को अपग्रेड करने और सुविधाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाएगा।

तमिलनाडु के वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन ने बुधवार को टीवीके सरकार का पहला बजट पेश किया। इसमें राजस्व जुटाने, शिक्षा के बुनियादी ढांचे और लंबे समय की आर्थिक वृद्धि पर केंद्रित एक वित्तीय रोडमैप की रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही, 2036 तक राज्य को 1.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य भी रखा गया।
बजट की सबसे चर्चित घोषणा ‘अन्नन सीर थिट्टम' के तहत पात्र दुल्हनों को 8 ग्राम सोने का सिक्का और रेशमी साड़ी देने की रही, जिसके लिए 812 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा लैपटॉप वितरण, एआई प्रशिक्षण, नए आईटीआई, छात्रावास निर्माण, हज सब्सिडी में वृद्धि और ओलंपिक उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना जैसी कई योजनाओं का भी ऐलान किया गया।
विधानसभा में 2026-27 का बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन ने कहा कि सरकार को अलग-अलग उपायों से अतिरिक्त 16,000 करोड़ रुपए जुटाने की उम्मीद है। इसमें से 15,000 करोड़ रुपए राजस्व बढ़ाने वाली पहलों से आने का अनुमान है, जबकि 1,000 करोड़ रुपए शराब उत्पादन पर सेस (उपकर) से मिलने की उम्मीद है।
वित्त मंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य की आय बढ़ाने और उसकी वित्तीय स्थिति को मजबूत करने के लिए जल्द ही एक राजस्व वृद्धि समिति का गठन किया जाएगा। वहीं, टीवीके सरकार के इस पहले बजट में शिक्षा पर खास ध्यान दिया गया है। विल्सन ने तमिलनाडु भर के 3,734 सरकारी स्कूलों के लिए एक बड़े आधुनिकीकरण कार्यक्रम की घोषणा की।
वित्त मंत्री ने घोषणा की कि सरकारी स्कूलों के लिए आधुनिकीकरण के लिए 2,132 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में बुनियादी ढांचे को अपग्रेड करने और सुविधाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाएगा।
सरकार ने चालू वित्त वर्ष में इस परियोजना के लिए 300 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। राज्य के स्कूली पाठ्यक्रम को नया रूप देने और आधुनिक बनाने के लिए 25 करोड़ रुपए अलग रखे गए हैं। इसके अलावा, सरकार ने 'सुपर क्लीन, सुपर कैंपस' पहल के लिए भी 129 करोड़ रुपए की घोषणा की, जिसे 10,000 सरकारी स्कूलों में लागू किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूल परिसरों में सफाई और रखरखाव के मानकों को बेहतर बनाना है।
वित्त मंत्री विल्सन ने यह भी घोषणा की कि 'थाईमामन सीर थिट्टम' योजना को 15 सितंबर को शुरू की जाएगी। यह टीवीके सरकार की प्रमुख पहलों में से एक है। बजट में 2036 तक तमिलनाडु को 1.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के सरकार के महत्वाकांक्षी दीर्घकालिक आर्थिक विजन को भी दोहराया गया।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
