मौसम अपडेट: UP, उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान में मौसम की मार, 13 राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान समेत 13 राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवाएं चलने और तापमान में गिरावट के साथ पश्चिमी विक्षोभ का असर देखा जा रहा है।

फोटो: AI Generated
i
user

नवजीवन डेस्क

देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस हफ्ते दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेंगे, जिनका सबसे ज्यादा असर 7 और 8 अप्रैल को देखने को मिलेगा। इसके कारण उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अगले 5 दिनों तक दिन का तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान है, हालांकि इसके बाद धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी।

मंगलवार और बुधवार को बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवाओं की गति 40 से 50 किमी/घंटा तक रह सकती है। 7 और 8 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और दोपहर में एक-दो बार हल्की बारिश के आसार हैं। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

यूपी और उत्तराखंड: तेज हवाएं, ओलावृष्टि और ऑरेंज अलर्ट

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए हाई अलर्ट जारी किया है। 7 और 8 अप्रैल को आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, इस दौरान हवाएं 60 किमी/घंटा तक चल सकती हैं।

अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया और जालौन में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, उत्तराखंड में मौसम पूरी तरह बदला हुआ है। पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी हो रही है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में धूप बनी हुई है। देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और उत्तरकाशी में ओलावृष्टि और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।


दक्षिण भारत और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?  

दक्षिणी तमिलनाडु और पश्चिमी घाट के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज और बिजली गिरने की संभावना है। विरुधुनगर, थेनी और दिंडीगुल के ऊंचाई वाले इलाकों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

इसके विपरीत, चेन्नई और उत्तरी तमिलनाडु के साथ पुडुचेरी में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। हालांकि यहां अगले 24 घंटे में तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है, जबकि दक्षिणी तमिलनाडु में तापमान स्थिर रहने का अनुमान है।

बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को बादल छाए रहे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को भी आंशिक बादल रहने और एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। पटना का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसमें 0.8 डिग्री की गिरावट आई, जबकि न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री की कमी दर्ज की गई।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia