योगी के मंत्री की बीजेपी को धमकी, कहा, आरक्षण का करो बंटवारा वरना लोकसभा चुनाव में नहीं खुलने दूंगा खाता

ओम प्रकाश राजभर ने बीजेपी से कहा कि गरीब तुम्हारा नोट भी खाएगा, मुर्गा भी खाएगा पर तुम्हें वोट नहीं देगा, अगर तुमने काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर, फूलपुर, कैरान और नूरपुर का रिजल्ट याद कर लेना।

फोटो: सोशल मीडिया
i

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी और मोदी सरकार को आरक्षण के मुद्दे पर चेतावनी दी है। बलिया में एक सभा को संबोधित करते हुए राजभर ने बीजेपी और मोदी सरकार से धमकी भरे लहजे में कहा, “अगर पिछड़ी जाति के 27 फीसदी आरक्षण का बंटवारा नहीं हुआ तो 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में बीजेपी का खाता भी नहीं खुलने दूंगा।”

सभा को संबोधित करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने बीजेपी की ओर इशारा करते हुए कहा, “गरीब तुम्हारा नोट भी खाएगा, मुर्गा भी खाएगा पर तुम्हें वोट नहीं देगा अगर तुमने काम नहीं किया। गोरखपुर, फूलपुर, कैरान और नूरपुर का रिजल्ट याद कर लेना।”

ओम प्रकाश राजभर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष हैं और उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी का बीजेपी को समर्थन है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने पिछला विधानसभा चुनाव बीजेपी के साथ मिलकर लड़ा था, जिसमें उसके 4 विधायकों ने जीत हासिल की थी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 14 Oct 2018, 2:32 PM