UP: सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव को पुलिस ने बाराबंकी से हिरासत में लिया, जानें क्या है पूरा मामला
सफदरगंज थाना प्रभारी अमर कुमार चौरसिया ने कहा कि सपा नेता के खिलाफ स्थानीय पुलिस थाने में अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति (एससी-एसटी) कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है और पुलिस ने इसी मामले के सिलसिले में उन्हें हिरासत में लिया है।

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव को उत्तर प्रदेश पुलिस ने बाराबंकी के सफदरगंज इलाके से हिरासत में लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, यादव को सफदरगंज इलाके में उस समय रोका गया जब वह कुछ साथियों के साथ इलाके से गुजर रहे थे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लिए जाने के तुरंत बाद उन्हें चिकित्सा जांच के लिए बड़ागांव के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उन्होंने कहा कि इसके बाद कड़ी सुरक्षा में उन्हें लखनऊ ले जाया गया।
मनोज यादव कथित तौर पर पिछले दो दिनों से ‘संदिग्ध हालात में लापता’ बताए गए थे। उनकी पत्नी ने लखनऊ के गोमती नगर एक्सटेंशन पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी पिछले 48 घंटे में उनके ठिकाने को लेकर चिंता जताई थी।
सफदरगंज थाना प्रभारी अमर कुमार चौरसिया ने कहा कि सपा नेता के खिलाफ स्थानीय पुलिस थाने में अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति (एससी-एसटी) कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है और पुलिस ने इसी मामले के सिलसिले में उन्हें हिरासत में लिया है।
जिले के पुलिस अधिकारियों ने और जानकारी देने से इनकार कर दिया और कहा कि यह मामला अब लखनऊ पुलिस देख रही है।
पीटीआई के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia