विराट-अनुष्का ने ब्याह रचाया, इटली में परिवार और खास दोस्तों की मौजूदगी में पड़े फेरे

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने ब्याह रचा लिया है। दोनों ने इटली के एक महंगे रिसॉर्ट में खास दोस्तों और परिवार के लोगों की मौजूदगी में फेरे लिए। दोनों ने ट्वीट कर अपनी शादी का ऐलान किया।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की शादी हो गई। दोनों ने सोमवार को इटली के टस्कनी में एक-दूसरे को माला पहनाकर अपने रिश्ते को वैवाहिक बंधन में बांध दिया। शादी के बाद दोनों ट्वीट कर कुछ फोटो शेयर किए और अपनी शादी का ऐलान किया। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा दोनों ने अपने ट्वीट में एक ही टेक्स्ट को लिखा है। दोनों ने लिखा, ‘‘आज हमने एक दूसरे से वादा किया है कि हम जीवन भर प्यार के बंधन में बंधे रहेंगे। हम यह खबर आपसे साझा करते हुए खुद को बेहद सौभाग्यशाली मानते हैं। ये खूबसूरत दिन इस नाते भी खास हो गया है क्योंकि हमें अपने प्रशंसक परिवार और शुभचिंतकों का प्यार और सहयोग मिला है। हमारे इस सफर में एक महत्वपूर्ण साथी होने के लिए आप सब का शुक्रिया।’’

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के रिश्तों की खबरें दो-तीन साल से चर्चा में थीं, और खास बात यह है कि दोनों ने अपने रिश्ते को कभी छिपाया नहीं और न ही इससे कभी इनकार किया। हाल ही में जब विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज से रेस्ट लिया था, कभी से अटकलें थी कि दोनों शादी करने वाले हैं। 7 दिसंबर को विराट और अनुष्कार दोनों अपने परिवार और कुछ खास दोस्तों के साथ इटली रवाना हो गए थे। वहीं के एक खूबसूरत रिसॉर्ट बोरगो फिनोसिएतो में दोनों ने शादी रचाई।

जानकारी के मुताबिक बोरगो फिनोसिएतो रिसोर्ट में 22 कमरे हैं, जिसमें सिर्फ 44 लोग ही रह सकते हैं। मिलान शहर से इसकी दूरी करीब 300 किमी है। फोर्ब्स की लिस्ट के मुताबिक, बोरगो फिनोसिएतो दुनिया के 20 सबसे महंगी हॉलिडे लोकेशंस में शामिल है। और यहां एक हफ्ता बिताने के लिए कम से कम 1 करोड़ रुपए चाहिए। यहां एक कमरे का एक रात का किराया 6.50 लाख रुपए से 14 लाख रुपए तक होता है।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया
शादी के बाद परिवार के साथ विराट कोहली और अनुष्का शर्मा

खबरे हैं कि विराट और अनुष्का दोनों के अब दो वेडिंग रिसेप्शन होंगे। पहला रिसेप्शन 21 दिसंबर को दिल्ली में होगा। यह विराट-अनुष्का के रिश्तेदारों के लिए होगा।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया
अनुष्का शर्मा और विराट कोहली की मेंहदी की तस्वीर

दूसरा रिसेप्शन 26 दिसंबर को मुंबई में होगा। जहां बॉलीवुड और क्रिकेट जगत की नामी हस्तियां शामिल होंगी। मुंबई में होने वाले रिसेप्शन में सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, हरभजन सिंह, रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धोनी शामिल हो सकते हैं। जबकि बॉलीवुड से आदित्य चोपड़ा, रानी मुखर्जी, अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, आमिर खान और सलमान खान भी शामिल हो सकते हैं।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया
विराट-अनुष्का की मेंहदी की तस्वीर

शादी में अनुष्का-विराट के करीबी रिश्तेदार और सिर्फ करीब 15 दोस्त ही शामिल हुए। इनमें विराट के बचपन के क्रिकेट कोच राजकुमार शर्मा भी शामिल थे। चर्चा है कि दोनों की शादी हरिद्वार के अनंतधाम आत्माधाम के महाराज अनंत बाबा कराई है। अनंत बाबा को मुंबई एयरपोर्ट पर अनुष्का के परिवार के साथ देखा गया था। ये वही पंडित हैं, जो पिछले साल अनुष्का-विराट की उत्तराखंड वाली मुलाकात के दौरान मौजूद थे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */