मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान, 3 दिसंबर को नतीजे, कांग्रेस बोली- जनता भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए पूरी तरह तैयार

मध्य प्रदेश चुनाव के लिए 21 अक्टूबर 2023 को अधिसूचना जारी हो जाएगी। वहीं 30 अक्टूबर 2023 चुनाव के लिए नॉमिनेशन दाखिल करने की आखिरी तारीख है।

मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान कराया जाएगा।
मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान कराया जाएगा।
user

नवजीवन डेस्क

देश की पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। मध्य प्रदेश में एक चरण में मतदान कराया जाएगा। नई दिल्ली में चुनाव आयोग के मुख्यालय में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। यहां हम आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में विधानसभा की 230 सीटें हैं। इसके साथ ही नामांकन भरने, नामांकन वापस लेने की तारीखों की भी सूचना जारी हो गई है। मध्य प्रदेश चुनाव के लिए 21 अक्टूबर 2023 को अधिसूचना जारी हो जाएगी। वहीं 30 अक्टूबर 2023 चुनाव के लिए नॉमिनेशन दाखिल करने की आखिरी तारीख है। 31 अक्टूबर 2023 तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। वहीं 2 नवंबर 2023 तक सभी उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकते हैं।  तीन दिसंबर को नतीजे आएंगे।

सूबे की सत्ता पर अगले पांच साल तक किसका राज होगा? 5 करोड़ 60 लाख 60 हजार 925 मतदाता अपना फैसला 17 नवंबर को ईवीएम में कैद करेंगे। लोकसभा चुनाव से पहले यह सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है। चुनाव के ऐलान के बाद कांग्रेस नेता शोभा ओझा ने कहा कि, कांग्रेस इन चुनावों के लिए और राज्य में बीजेपी की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए पूरी तरह तैयार है। जनता शिवराज सिंह चौहान सरकार को हटाने के लिए तैयार है, जिसमें पिछले 18 वर्षों से माफिया और भ्रष्टाचार व्याप्त था।"


वहीं मध्य प्रदेश चुनाव की घोषणा पर CM शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव है। चुनाव से सरकार बनती है जो प्रदेश और जनता का भविष्य तय करती है इसलिए मैं सभी मतदाताओं से अनुरोध करता हूं कि चुनाव में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि मैं राजनीतिक दलों से अनुरोध करता हूं कि चुनाव में व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप करने से बचे। यह शत्रुता नहीं है।

चुनाव आयोग के मुताबिक राज्य में कुल 5.6 करोड़ मतदाता हैं, इनमें 2.88 करोड़ पुरुष और 2.72 करोड़ महिला मतदाता हैं। इनमें ऐसे मतदाताओं की तादाद 22.36 लाख है जो पहली बार मताधिकार का उपयोग करेंगे।


2018 चुनाव के चुनाव नतीजे

साल 2018 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला हुआ था। हालांकि कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। पार्टी को बहुमत से सिर्फ 2 सीटों कम मिली थी। कांग्रेस को 41.5 फीसदी वोट मिले थे। कांग्रेस की सीटों का आंकड़ा बहुमत के लिए जरूरी 116 सीटों से दो कम 114 पर जाकर रुक गया। वहीं बीजेपी को 41.6 फीसदी वोट मिले थे और पार्टी ने 230 में से 109 सीटें जीती थीं। तब मध्य प्रदेश में 75.2 फीसदी वोटिंग हुई थी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia