मध्य प्रदेश की सभी 230 सीटों पर मतदान आज, 5.6 करोड़ मतदाता करेंगे 2,533 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला

राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया है कि बालाघाट, मंडला और डिंडोरी जिले के कई विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

मध्य प्रदेश विधानसभा के 230 सीटों के लिए आज वोट डाले जाएंगे। इस चुनाव में 5 करोड़ 60 लाख से ज्यादा मतदाता 2,533 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया है कि बालाघाट, मंडला और डिंडोरी जिले के कई विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। वहीं, शेष विधानसभा क्षेत्र में मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा। मतदान शुरू होने से 90 मिनट पहले मॉक पोल कराया जाएगा।

उन्होंने आगे बताया है कि प्रदेश में 64,626 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 64,523 मुख्य मतदान केंद्र और 103 सहायक मतदान केंद्र हैं। राज्य में क्रिटिकल मतदान केंद्रों की संख्या 17,032 है। वहीं, वल्नरेबल क्षेत्र की संख्या 1,316 है। इस चुनाव के दौरान बाधा पहुंचाने वाले 4,028 लोगों की पहचान की गई है। सभी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन के अनुसार राज्य में 5,160 मतदान केंद्र पूर्णतः महिला मतदान कर्मियों द्वारा संचालित किए जाएंगे, इन मतदान केंद्रों पर महिला अधिकारी और कर्मचारियों का दल है, वहीं दिव्यांग जनों में आत्मविश्वास और सम्मान की दृष्टि से कुल 183 मतदान केंद्र दिव्यांग व्यक्तियों द्वारा संचालित किए जाएंगे। 371 यूथ मैनेज्ड बूथ पहली बार बनाए गए हैं। जबकि, 2,536 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जबलपुर जिले में 50 और बालाघाट में 57 ग्रीन बूथ बनाए गए हैं।


इन सीटों पर रहेगी सबकी नजर

बुधनी, छिंदवाड़ा और राघौगढ़ समेत प्रदेश की कई सीटों पर सबकी नजर रहेगी। यहां से शिवराज सिंह चौहान और कमलनाथ समेत कई दिग्गज नेता चुनाव लड़ रहे हैं। बीजेपी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सीहोर जिले की बुधनी सीट से चुनावी मैदान में उतारा है। चौहान ने बुधनी से 1990 में पहली बार विधायक बने थे। यहां से लगातार चार बार चुनाव जीत चुके हैं। वो सबसे ज्यादा राज्य में चार बार सीएम बने हैं। दतिया सीट पर भी सबकी नजरें टिकी होगी। यहां से बीजेपी ने मध्य प्रदेश के गृह मंत्री और जेल मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर दांव लगाया है। मिश्रा 1990 में पहली बार विधायक बने थे। वो 2003 से बीजेपी सरकार में मंत्री रहे हैं। साथ ही बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को इंदौर जिले की इंदौर 1 सीट से टिकट दिया गया है। विजयवर्गीय पांच बार विधायक और इंदौर के मेयर रह चुके हैं। इसके अलावा बीजेपी ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को मुरैना जिले की दिमनी से उम्मीदवार बनाया है। तोमर मुरैना से ही लोकसभा सांसद हैं। वहीं पांच बार के लोकसभा सांसद प्रह्लाद सिंह पटेल महाकौशल रीजन के नरसिंहपुर सीट से पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ को कांग्रेस ने महाकौशल रीजन के छिंदवाड़ा से चुनावी मैदान में उतारा है। 9 बार छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से सांसद रहे हैं। इस सीट से कमलनाथ के बेटे बेटे नकुलनाथ सांसद हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह को पार्टी ने गुना जिले की चाचौड़ा सीट से टिकट दिया है। लक्षमण सिंह तीन बार विधायक और पांच बार लोकसभा के सांसद रहे हैं। गुना जिले की राघोगढ़ सीट से कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह पर दांव लगाया है। जयवर्धन सिंह दो बार विधायक के साथ मंत्री भी रह चुके हैं। साथ ही पूर्व सीएम अर्जुन सिंह के बेटे अजय सिंह को सीधी जिले की चुरहट सीट से टिकट दिया गया है। अजय सिंह छह बार विधायक रह चुके हैं। इसके अलावा एमपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी को इंदौर जिले की राऊ सीट से प्रत्याशी बनाया गया है।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia