मौसम अपडेट: 11 राज्यों में बारिश-तूफान का अलर्ट, जानें दिल्ली, यूपी-बिहार और एमपी समेत अन्य राज्यों का हाल
यूपी, बिहार, दिल्ली समेत 11 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट जारी हुआ है। कई राज्यों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी।

देश के कई राज्यों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 13 मई को उत्तर भारत और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी, बिहार समेत 11 राज्यों में 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी भारत में बिजली गिरने और वज्रपात का भी खतरा जताया गया है। मौसम विभाग ने खासतौर पर किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि तेज बारिश और आंधी से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान और आसपास के इलाकों में निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में भी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसी वजह से कई राज्यों में मौसम तेजी से बदलने की संभावना जताई गई है। पहाड़ी राज्यों के कई जिलों में भी बारिश और तूफान को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली-यूपी-बिहार में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
दिल्ली में 13 मई को बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में बहराइच, बलरामपुर, संतकबीरनगर, महाराजगंज, देवरिया, गोंडा, गोरखपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा और कानपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं लखनऊ में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बिहार में गया, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, अररिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। पटना में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बिगड़ने की चेतावनी
उत्तराखंड के नैनताल, रुद्रप्रयाग, देहरादून, उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, चंपावत और चमोली में आंधी और बारिश की चेतावनी दी गई है। देहरादून में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश के चंबा, मंडी, शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, किन्नौर, बिलासपुर और सोलन में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मनाली में अधिकतम तापमान 10 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, बारामूला, अनंतनाग, बडगाम, कुलगाम, रामबन, किश्तवाड़, मीरपुर, रियासी, जम्मू और कठुआ में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट देखने को मिल सकती है।
राजस्थान में बारिश, मध्य प्रदेश में लू का कहर
राजस्थान के हनुमानगढ़, चुरू, झुंझुनू, अलवर, भरतपुर, धौलपुर और सीकर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। जयपुर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
वहीं, मध्य प्रदेश के धार, उज्जैन, झाबुआ, रतलाम, विदिशा, भोपाल, रायसेन, कटनी, बालाघाट, बैतूल, भिंड, दमोह, दतिया, मंदसौर और मुरैना में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया गया है। यहां 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं। भोपाल में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
