मौसम अपडेट: 19 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, जानें यूपी-बिहार और दिल्ली समेत देशभर का हाल

पश्चिमी विक्षोभ के असर से देश के 19 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट है, जिससे दिल्ली, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में मौसम बदलने वाला है।

फोटो: AI Generated
i
user

नवजीवन डेस्क

मार्च के मध्य में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ ने देशभर के मौसम का मिजाज बदल दिया है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने 19 राज्यों में फिर से मौसम बिगड़ने की चेतावनी जारी की है। उत्तर-पश्चिम, पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है, जहां कई इलाकों में 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

उत्तर-पश्चिम भारत में तीन पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम विभाग के अनुसार, इस हफ्ते उत्तर-पश्चिम भारत में तीन सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों का प्रभाव देखने को मिलेगा। इसके चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के साथ 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

वहीं, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 26 मार्च को गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है। राजस्थान में 28 मार्च को बारिश के आसार हैं, जहां 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।


पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। IMD के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 24 से 28 मार्च के बीच भारी बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 26 से 29 मार्च के बीच आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। कई जगहों पर 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

दिल्ली-यूपी-बिहार में मौसम का बदलता ट्रेंड

पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली में पिछले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को फिर से गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं। 25 मार्च तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि 26 मार्च को हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी।

उत्तर प्रदेश में भी मौसम करवट ले रहा है। कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जहां 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद अगले दो दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

वहीं, बिहार में 26 और 27 मार्च को बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।


तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। पूर्वी भारत में भी तापमान बढ़ सकता है, जबकि मध्य और दक्षिण भारत में धीरे-धीरे तापमान में वृद्धि होने का अनुमान है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia