पश्चिम बंगाल चुनाव: मुर्शिदाबाद में हुमायूं कबीर का विरोध, TMC कार्यकर्ताओं ने 'BJP एजेंट' बताया, कई जगह EVM में खराबी

स्थानीय तृणमूल नेताओं के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने कबीर के वाहन को घेर लिया और उन्हें ‘‘बीजेपी का एजेंट’’ बताते हुए नारेबाजी की। इस प्रदर्शन से मतदान केंद्र के आसपास तनाव की स्थिति बन गई।

मुर्शिदाबाद में हुमायूं कबीर का विरोध (फोटो- सोशल मीडिया/ वीडियो ग्रैब)
i
user

नवजीवन डेस्क

 आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रमुख हुमायूं कबीर ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने उनकी पार्टी के कई उम्मीदवारों को खरीद लिया, जिसके कारण उन्हें कम सीटों पर चुनाव लड़ना पड़ रहा है।

कबीर ने सुबह मतदान के शुरुआती घंटों में अपना वोट डाला। इसके बाद जब वह मुर्शिदाबाद जिले की नौदा विधानसभा क्षेत्र के शिबनगर गांव स्थित एक मतदान केंद्र पहुंचे, तो तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने ‘‘वापस जाओ’’ के नारे लगाकर उनका विरोध किया।

स्थानीय तृणमूल नेताओं के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने कबीर के वाहन को घेर लिया और उन्हें ‘‘बीजेपी का एजेंट’’ बताते हुए नारेबाजी की। इस प्रदर्शन से मतदान केंद्र के आसपास तनाव की स्थिति बन गई।

इसी बीच पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान बृहस्पतिवार को कुछ स्थानों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मतदान बाधित हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद, कुछ स्थानों से रात में हिंसा की खबरें भी आईं।

कई मतदान केंद्रो पर ईवीएम में तकनीकी खराबी

अधिकारियों ने बताया कि मुर्शिदाबाद जिले में बेलडांगा विधानसभा क्षेत्र के पारसालिका मदनमोहन प्राथमिक विद्यालय के बूथ नंबर 156 पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में खराबी आने के बाद मतदान रोक दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि शमशेरगंज विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 212 पर भी इसी तरह की समस्याओं के कारण मतदान समय पर शुरू नहीं हो सका। कांडी के बूथ नंबर 130 पर भी मतदान में देरी हुई।

पूर्व मेदिनीपुर में नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र के बिरुलिया में एक ईवीएम में खराबी की सूचना मिली।


कूच बिहार में टाउन हाई स्कूल के बूथ नंबर 229 पर मतदान लगभग एक घंटे तक स्थगित रहा, जिसके बाद इसे फिर शुरू किया गया। मालदा जिले के हबीबपुर निर्वाचन क्षेत्र के बूथ नंबर 231 पर भी मतदान में देरी हुई।

दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी में मार्गरेट स्कूल स्थित बूथ संख्या 26/31 पर ईवीएम में खराबी के कारण मतदान समय पर शुरू नहीं हो सका।

कुछ स्थानों पर हिंसा की खबर

मतदान प्रक्रिया के दौरान झाड़ग्राम जिले में एक मतदान केंद्र के पास एक हाथी के घूमने के कारण मतदाताओं में दहशत फैल गई। यह हाथी जीतुशोल आंशिक बुनियादी विद्यालय मतदान केंद्र के बाहर देखा गया था।

इस बीच, मतदान शुरू होने से पहले कुछ जिलों में रात भर हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं।

अधिकारियों ने बताया कि मुर्शिदाबाद के नाओदा में शिवनगर प्राथमिक स्कूल के पास रात में कथित तौर पर देसी बम फेंके गए जिससे एक महिला घायल हो गई।

पास ही मौजूद तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार साहिना मुमताज खान इस घटना में बाल-बाल बच गईं।

तृणमूल कांग्रेस सांसद अबू ताहेर खान ने आरोप लगाया कि इस हमले में हुमायूं कबीर की आमजनता उन्नयन पार्टी का हाथ है।

अधिकारियों ने बताया कि इलाके में पुलिस और केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है।


मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज अग्रवाल ने कहा, ‘‘कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है।’’

कूच बिहार के शीतलकुची में भी तनाव की खबरें आ रही हैं, जहां 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान हिंसा हुई थी।

डोमकल के रायपुर गांव में एक अन्य घटना में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के एक कार्यकर्ता और उनके बेटे पर देर रात कथित तौर पर हमला किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि बेटे को गंभीर चोटें आईं और उसे इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने बताया कि उन्होंने इस घटना के संबंध में एक तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता को हिरासत में लिया है।

राज्य के 16 जिलों की 152 विधानसभा सीट पर पहले चरण के तहत मतदान जारी है। शेष 142 सीट पर दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा और मतगणना चार मई को निर्धारित है।

पीटीआई के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia