लीबिया: नौका पलटने से 100 लोगों के मरने की आशंका, 16 को बचाया गया  

लीबिया में नौका पलटने की घटना में बचे एक पीड़ित के मुताबिक, नौका में अफ्रीका और अरब देशों के लगभग 125 लोग सवार थे, जिसमें दर्जनभर महिलाएं और बच्चे भी थे।

फोटो: सोशल मीडिया 
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

लीबिया में नौका पलटने की घटना में 100 से अधिक प्रवासियों के मरने की आशंका जताई जा रही है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने लीबिया नौसेना के प्रवक्ता अयूब कासेम के हवाले से बताया कि नौसेना को 3 बच्चों के शव भी मिले हैं और साथ में 16 को बचाया गया है।

उन्होंने कहा कि यह नौका रबड़ से बनी हुई थी और इसमें क्षमता से अधिक लोग सवार थे। इस नौका से बचाए गए एक पीड़ित के मुताबिक, नौका में अफ्रीका और अरब देशों के लगभग 125 लोग सवार थे, जिसमें दर्जनभर महिलाएं और बच्चे भी थे। लीबिया की नौसेना ने बीते दो सप्ताह में देश के पश्चिमी तट से लगभग 2,000 प्रवासियों को बचाया है और 30 से अधिक लोगों के शव बरामद किए हैं।

समुद्र के रास्ते दूसरे देशों में जाने वाले दुनियाभर के प्रवासियों के लिए लीबिया एक मुख्य पड़ाव है। यहां से लोग नाव या छोटे-छोटे जहाजों पर सवार होकर यूरोप जाने की कोशिश करते हैं। बताया जाता है कि तस्करों की नाव में सवार होने वाले लोगों को अक्सर ऐसी ही दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

इससे पहले इस साल फरवरी में लीबिया के समुद्र में तस्करों की एक नौका के पलट जाने से 90 लोगों मारे गए थे। इसी महीने 11 जून को लीबिया तट पर नौका पलटने से 8 लोगों की मौत हो गई थी। नवबंर 2016 में लीबिया के तट के पास जहाज डूबने से 110 प्रवासी मारे गए थे। उस समय भी क्षमता से अधिक 140 लोग जहाज में सवार थे।

(आईएनएस के इनपुट के साथ )

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia