यूक्रेन में फंसे राजस्थान के 23 छात्र शनिवार रात पहुंचेंगे स्वदेश, सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाएगी राज्य सरकार

केंद्र और राजस्थान के संयुक्त प्रयास से शनिवार देर शाम 23 छात्र दिल्ली और मुम्बई एयरपोर्ट पर पहुचेंगे। इसके लिए राज्य सरकार ने छात्रों को होटल में ठहराने तथा सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की है।

फोटो: IANS
i

केंद्र और राजस्थान के संयुक्त प्रयास से शनिवार देर शाम 23 छात्र दिल्ली और मुम्बई एयरपोर्ट पर पहुचेंगे। इसके लिए राज्य सरकार ने छात्रों को होटल में ठहराने तथा सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की है।

यूक्रेन में फंसे राजस्थान के 23 और छात्र रोमानिया के बुखारेस्ट से दिल्ली और मुम्बई एयरपोर्ट पर पहुचेंगे। इन में से 9 छात्र दिल्ली और 14 छात्र मुम्बई एयपोर्ट पर उतरेंगे। गहलोत सरकार ने राजस्थानी छात्रों को रिसीव करने, होटल में ठहराने तथा सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाने की नि:शुल्क व्यवस्था की है।


राजस्थान फाउंडेशन के आयुक्त धीरज श्रीवास्तव ने बताया कि यूक्रेन से लौटने वाले राजस्थानी नागरिकों और छात्रों की सुविधा के लिए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, नई दिल्ली और जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि यूक्रेन में फंसे हुए लोगों की निकासी के लिए राज्य सरकार तथा राजस्थान फाउंडेशन से मदद मांगने वाले व्यक्तियों तथा छात्रों की सूची तैयार की जा रही है, जिसे विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास और अन्य प्रवासी राजस्थानियों के साथ शेयर किया जा रहा है।

राजस्थान फाउंडेशन द्वारा इस कार्य के लिए त्रि-स्तरीय व्यवस्था की गई है जिसके तहत राजस्थान फाउंडेशन के टेलीफोन और ईमेल पर प्राप्त होने वाले अनुरोध, जनप्रतिनिधियों और मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त होने वाले नामों और इसके अलावा राजस्थान फाउंडेशन द्वारा यूक्रेन में फंसे छात्रों के लिए बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप पर छात्रों को जोड़कर उनका विवरण लिया जा रहा है।


गौरतलब है कि यूक्रेन पर रूस के हमले के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोन पर बातचीत हुई है। इस बीच भारत सरकार अपने नागरिकों को यूक्रेन से बाहर निकालने में जुटी हुई है। इस अभियान के तहत 470 भारतीय छात्रों का पहला जत्था यूक्रेन से बाहर निकलकर रोमानिया की सीमा में पहुंच चुका है।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 26 Feb 2022, 5:04 PM