फिलीपींस में आया 7.8 तीव्रता का भूकंप, एक की मौत, कई देशों में सुनामी अलर्ट जारी

फिलीपींस, इंडोनेशिया और मलेशिया के कई तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार भूकंप से एक व्यक्ति की मौत की भी खबर है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

सोमवार सुबह फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके बाद फिलीपींस, इंडोनेशिया और मलेशिया के कई तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार भूकंप से कई मकानों और इमारतों को नुकसान पहुंचा है, जबकि एक व्यक्ति की मौत की भी खबर है।

भूकंप का केंद्र मिंडानाओ द्वीप पर स्थित जनरल सैंटोस शहर से लगभग 13 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में बताया गया है। फिलीपींस के भूकंप विज्ञान संस्थान के मुताबिक इसका केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। वहीं, अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने भूकंप की तीव्रता 7.8 और गहराई 55 किलोमीटर दर्ज की है।

भूकंप के बाद पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि फिलीपींस के कुछ तटीय इलाकों में 3 मीटर तक ऊंची सुनामी लहरें उठ सकती हैं। इसके अलावा इंडोनेशिया और मलेशिया के कुछ तटीय क्षेत्रों में भी लगभग 1 मीटर ऊंची लहरों का खतरा बना हुआ है।

तेज झटकों के बाद कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। जनरल सैंटोस और आसपास के क्षेत्रों में कई मकान तथा अन्य संरचनाएं क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। राहत और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात हैं और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

अधिकारियों ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि मुख्य भूकंप के बाद आफ्टरशॉक यानी तेज झटके महसूस किए जा सकते हैं।

गौरतलब है कि फिलीपींस प्रशांत महासागर के 'रिंग ऑफ फायर' क्षेत्र में स्थित है, जो दुनिया के सबसे सक्रिय भूकंपीय और ज्वालामुखीय क्षेत्रों में से एक माना जाता है। इसी वजह से यहां अक्सर भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियां देखने को मिलती हैं।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia