अमेरिका: टेक्सास के बाद अब ओहियो में नरसंहार, गोलीबारी में 9 की मौत, 16 घायल, 24 घंटे में दूसरी बड़ी घटना

शनिवार को अमेरिका के टेक्सास में हुई गोलीबारी में 20 लोगों की मौत के बाद 24 घंटों के भीतर अमेरिका के ही ओहियो में एक और ऐसी घटना को अंजाम दिया गया। इस गोलीबारी में शूटर समेत 9 लोगों की मौत हो गई।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

अमेरिका के ओहियो राज्य में एक बार के निकट रविवार को हुई भारी गोलीबारी में शूटर सहित नौ लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य लोग घायल हो गए। यह दूसरी ऐसी घटना है, जो 24 घंटे से कम समय में हुई। टेक्सास में इसी तरह की गोलीबारी में 20 लोगों की मौत हुई थी।

बीबीसी के अनुसार, घटना की पहली रिपोर्ट स्थानीय समयानुसार एक बजे आई। यह गोलीबारी डेटन सिटी के ओरेगॉव इलाके में नेड पैपर्स बार के बाहर हुई।

बीबीसी ने डेटन पुलिस डिपार्टमेंट के एक ट्वीट के हवाले से कहा, "जब यह गोलीबारी शुरू हुई तो हमारे अधिकारी आसपास थे और उन्होंने कार्रवाई करते हुए इसे जल्द ही समाप्त कर दिया।" नेड पेपर्स के इंस्टाग्राम पेज पर एक नोट में कहा गया कि घटना के बाद स्टाफ कर्मचारी सुरक्षित हैं।

सहायक पुलिस प्रमुख मैट कार्पर ने मीडिया से कहा कि गश्त पर रहे अधिकारी शूटर को मारने में कामयाब रहे। शूटर की अभी शिनाख्त की जानी है। उन्होंने कहा, "हमारे लोग इस तरह की स्थिति को संभालने के लिए भलीभांति प्रशिक्षित हैं।" उन्होंने कहा, "यह बहुत सौभाग्य की बात रही कि अधिकारी आसपास थे।"


कार्पर ने कहा कि शूटर के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि उसके बारे में पता लगाने का काम जारी है। पुलिस का मानना है कि संदिग्ध ने अकेले घटना को अंजाम दिया और समुदाय के लिए कोई खतरा नहीं है।

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए फुटेज में लोग भागते दिखाई दे रहे हैं और सड़कों पर गोलीबारी की आवाज सुनाई दे रही है। इसमें यह भी दिख रहा है कि कई शव जमीन पर हैं और सफेद चादर से ढके हैं। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बीबीसी से कहा कि वह पास के एक रैप कार्यक्रम में था, जब उनसे जगह को खाली करने को कहा गया।

प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, "मैं बहुत हैरान था। हम सब को जल्दी व सुरक्षित निकाला गया। मैंने अपनी गाड़ी ली, मैं आसपास पुलिस और एंबुलेंस को देख पा रहा था।"

रविवार की रात की घटना एल पासो शहर में शनिवार को सिएलो विस्टा मॉल के करीब वालमार्ट स्टोर में हुई भारी गोलीबारी की घटना के कुछ घंटों के बाद हुई है। शनिवार की घटना में 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। वर्तमान में 21 साल का एक संदिग्ध पुलिस की हिरासत में है।

इस गोलीबारी की घटना का मकसद अभी साफ नहीं है। लेकिन एल पासो पुलिस ने कहा कि शूटिंग की वजह नफरत हो सकती है।

(आईएएनएस इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia