ड्रग माफिया 'मेनचो' की मौत से जल उठा मैक्सिको, हिंसा-आगजनी के बीच भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी

मैक्सिको में जारी हिंसक झड़पों के बीच भारत ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। भारतीय दूतावास ने बयान जारी कर सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, सुरक्षित स्थान पर शरण लेने और भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

मैक्सिको सेना ने जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल के बॉस नेमेसियो रुबेन ओसेगुएरा सर्वेंटेस उर्फ ​​"एल मेनचो" को मार गिराया है। इसके मरने से मैक्सिको के सबसे शक्तिशाली ड्रग कार्टेल का सफाया हो गया। एन मेनचो की मौत की खबर के बाद पूरे देश में हिंसा भड़क उठी है। जगह जगह आगजनी की खबरें सामने आई रही है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए भारतीय नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने और मैक्सिको में स्थित भारतीय दूतावास द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी गई है।

भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी की

मैक्सिको में जारी हिंसक झड़पों के बीच भारत ने भी वहां रह रहे अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। रविवार (22 फरवरी 2026) को मैक्सिको सिटी स्थित भारतीय दूतावास ने बयान जारी कर सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, सुरक्षित स्थान पर शरण लेने और भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।

दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि जालिस्को राज्य (पुएर्तो वल्लार्टा, चापाला और ग्वाडलाहारा), तमाउलिपास राज्य (रेनोसा और अन्य नगरपालिकाएं), मिचोआकान, गुएरेरो और नुएवो लियोन राज्यों के कुछ इलाकों में सुरक्षा अभियान, सड़क अवरोध और आपराधिक गतिविधियां जारी हैं। इन क्षेत्रों में मौजूद भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक अपने स्थान पर ही रहने की सलाह दी गई है।

भारतीय नागरिकों के लिए कुछ जरूरी सावधानियां

भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए कुछ जरूरी सावधानियां भी जारी की हैं। इनमें कानून-प्रवर्तन गतिविधियों वाले इलाकों से दूर रहने, आसपास के माहौल पर नजर रखने, अनावश्यक आवाजाही से बचने, स्थानीय मीडिया से अपडेट लेते रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की बात कही गई है।

आपात स्थिति में 911 पर कॉल करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा भीड़ से दूर रहने और अपने परिवार व मित्रों को अपनी स्थिति की जानकारी फोन, संदेश या सोशल मीडिया के जरिए देते रहने को कहा गया है। किसी भी सहायता या जानकारी के लिए भारतीय नागरिक +52 55 4847 7539 नंबर पर भारतीय दूतावास से संपर्क कर सकते हैं।

मैक्सिको का सबसे बड़ा ड्रग माफिया 'एल मेनचो' आर्मी ऑपरेशन में ढेर

मैक्सिको में हालात उस वक्त बिगड़ गए जब सेना के एक विशेष ऑपरेशन के दौरान कुख्यात ड्रग माफिया सरगना नेमेसियो रूबेन ओसेगेरा सर्वांतेस उर्फ एल मेंचो मारा गया। वह जालिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) का प्रमुख था। मैक्सिको के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक जालिस्को में हुई मुठभेड़ में वह गंभीर रूप से घायल हुआ था और मेक्सिको सिटी ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

CJNG को देश के सबसे खतरनाक और आक्रामक ड्रग कार्टेल्स में गिना जाता है। यह संगठन सुरक्षा बलों पर हमलों के लिए भी बदनाम रहा है। अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) के अनुसार CJNG का प्रभाव सिनालोआ कार्टेल के बराबर माना जाता है और इसका नेटवर्क अमेरिका के सभी 50 राज्यों तक फैला हुआ है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia