'चीन के बाद अब भारत से होगी 'बिग ट्रेड डील', ट्रंप ने किया ऐलान, इस दिन तक बन सकता है समझौता
ट्रम्प ने बताया कि अमेरिका ने हाल ही में चीन के साथ व्यापार समझौता किया है और अब भारत के साथ भी ऐसा ही कुछ बड़ा होने वाला है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि भारत के साथ भी बहुत बड़ी ट्रेड डील होने वाली है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में हुए 'बिग ब्यूटीफुल बिल' इवेंट में कहा कि भारत और अमेरिका के बीच जल्द ही एक 'बड़ी' ट्रेड डील होने वाली है। ट्रम्प ने बताया कि अमेरिका ने हाल ही में चीन के साथ व्यापार समझौता किया है और अब भारत के साथ भी ऐसा ही कुछ बड़ा होने वाला है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि भारत के साथ भी बहुत बड़ी ट्रेड डील होने वाली है। ट्रंप इन दिनों अपने कुछ फैसलों की वजह से काफी चर्चा में रहे हैं। वे ईरान-इजरायल सीजफायर के बाद अब ट्रेड पर ध्यान दे रहे हैं।
उन्होंने इस दौरान कहा, ''हर कोई हमारे साथ व्यापार करना चाहता है। कुछ महीने पहले मीडिया पूछ रही थी कि क्या वाकई कोई ट्रेड डील में दिलचस्पी दिखाएगी? हमने कल ही चीन के साथ एक डील साइन की है। हम और भी अच्छे सौदे करेंगे। भारत के साथ भी डील हो सकती है।'' ट्रंप ने यह भी साफ कर दिया कि अमेरिका कुछ ही देशों के साथ ट्रेड डील करेगा। उनका कहना है कि हर किसी के साथ समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हम लेटर भेजकर सभी को शुक्रिया कहेंगे और उसने 25, 35 या 45 प्रतिशत भुगतान करने के लिए कहेंगे। यह आसान तरीका होगा।
भारत और अमेरिका के बीच जल्द ही ट्रेड डील साइन हो सकती है। दोनों देश 9 जुलाई से पहले समझौते को अंतिम रूप दे सकते हैं। ट्रम्प ने 2 अप्रैल को विश्वस्तर पर टैरिफ बढ़ाने का ऐलान किया था, जिसमें भारत पर 26% टैरिफ भी शामिल था। लेकिन 9 अप्रैल को इसे 90 दिनों के लिए टाल दिया गया। इसने भारत जैसे देशों को डील के लिए समय दिया है। ट्रंप के टैरिफ फैसले को लेकर काफी बवाल मचा था। उसने चीन पर भी टैरिफ लगाया था। चीन ने भी इसके जवाब में अमेरिका पर टैरिफ लगा दिया।
अमेरिका के साथ भारत का 2024-25 में वस्तुओं के मामले में ट्रेड डेफिसिट यानी, आयात और निर्यात के बीच का अंतर 41.18 बिलियन डॉलर था। 2023-24 में यह 35.32 बिलियन डॉलर, 2022-23 में 27.7 बिलियन डॉलर, 2021-22 में 32.85 बिलियन डॉलर और 2020-21 में 22.73 बिलियन अमेरिकी डॉलर था। अमेरिका ने बढ़ते व्यापार घाटे पर चिंता जताई है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia