चीन के शंघाई में दो महीने बाद कोविड प्रतिबंधों में दी गई ढील, लोगों ने ली राहत की सांस, सड़कों पर लौटी जिंदगी

शंघाई सरकार की प्रवक्ता यिन शिन ने कहा कि यह ऐसा दिन है जिसका हम लंबे समय से सपना देखते आए हैं। शिन ने कहा कि यह दिन मुश्किल से आया है और हमें इसे संजोने और संरक्षित करने की जरूरत है। हम सब मिलकर उस शंघाई का स्वागत करें, जिससे हम परिचित हैं और चूक गए थे।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

चीन के आर्थिक और वैश्विक व्यापार केंद्र शंघाई में बुधवार को दो महीने के कड़े लॉकडाउन के बाद कोविड प्रतिबंधों में ढील दी गई। पूरे शहर में उत्पादन और रहन-सहन की सामान्य प्रक्रिया को पूरी तरह से बहाल कर दिया गया है। बसों, रेल और फेरी सेवाओं का परिचालन फिर से शुरू हो गया है।

दुनिया के प्रमुख व्यापार केंद्र शंघाई में निजी कारों और कॉर्पोरेट वाहनों को भी सामान्य रूप से चलने की अनुमति दे दी गई है। शॉपिंग मॉल, सुपरमार्केट, फार्मेसी और अन्य वाणिज्यिक आउटलेट्स ने भी बुधवार से अपना ऑफलाइन कारोबार फिर से शुरू कर दिया है। बाजारों में ग्राहकों की भीड़ फिर से दिखने लगी है।


शंघाई सरकार की प्रवक्ता यिन शिन ने संवाददाताओं से कहा, "यह एक ऐसा दिन है जिसका हम लंबे समय से सपना देखते आए हैं।" शिन ने कहा कि यह दिन मुश्किल से आया है और हमें इसे संजोने और संरक्षित करने की जरूरत है। हम सब मिलकर उस शंघाई का स्वागत करें, जिससे हम परिचित हैं और चूक गए थे।

इससे पहले कड़े कोविड प्रतिबंधों में ढील देने की घोषणा करते हुए शंघाई के उप महापौर जोंग मिंग ने मंगलवार को मीडियाकर्मियों से कहा था कि शहर अभी भी कोविड की रोकथाम और नियंत्रण के महत्वपूर्ण चरण में है, इसलिए सभी के समर्थन और सहयोग की जरूरत है। सभी को महामारी से बचाव के एहतेयाती उपायों का कड़ाई से पालन करना चाहिए।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia